बलरामपुर में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत:डॉक्टर पर अस्पताल में लावारिस छोड़ने का आरोप
बलरामपुर जिले के गौरा बाजार थाना क्षेत्र में इलाज के दौरान एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दवा के रिएक्शन के बाद कथित डॉक्टर महिला को जिला मेमोरियल अस्पताल में लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अवैध नर्सिंग होम और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा सेवरहा के मजरा भरभरिया निवासी 60 वर्षीय लखराजी पत्नी उदयराज शुक्रवार शाम करीब चार बजे अपनी नातिन की शादी का सामान खरीदने गौरा चौराहा गई थीं। परिजनों के मुताबिक उन्हें बुखार भी था, जिसके चलते वह गौरा चौराहा स्थित निदान फार्मेसी पर दवा लेने पहुंचीं। वहां मौजूद डॉक्टर समीउल्ला ने उनका इलाज किया। आरोप है कि दवा लेने के कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। परिजनों का कहना है कि हालत गंभीर होने पर डॉक्टर समीउल्ला बिना परिवार को सूचना दिए महिला को अपनी निजी कार से जिला मेमोरियल अस्पताल ले गया और वहां लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया। जब काफी देर तक लखराजी घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। गौरा चौराहा पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि डॉक्टर समीउल्ला उन्हें कार में ले जाते हुए दिखाई दिए थे। इसके बाद परिजन जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचे, जहां लखराजी मृत अवस्था में मिलीं। घटना की सूचना पर परिजनों ने गौरा थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी हरीश सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शनिवार शाम करीब चार बजे क्षेत्रीय विधायक पलटू राम भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से अवैध नर्सिंग होमों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक ने परिजनों की बातचीत मुख्य चिकित्साधिकारी मुकेश रस्तोगी से भी कराई। सीएमओ ने मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए।

