CBSC 12वीं रिजल्ट- सहारनपुर की नंदिनी जिला टॉपर बनी:शीर्ष तीन स्थानों पर छात्राओं का कब्जा, स्कूलों में जश्न

सहारनपुर में सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSC) की 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित हो गए हैं। इस बार छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले की मेरिट सूची में शीर्ष तीनों स्थान हासिल किए हैं। परिणाम जारी होते ही स्कूलों में जश्न का माहौल देखा गया। देवबंद स्थित दून वैली स्कूल की छात्रा नंदिनी कुशवाहा ने ह्यूमैनिटीज वर्ग में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार और स्कूल प्रबंधन ने खुशी व्यक्त की। स्कूल प्रबंधन ने नंदिनी को सम्मानित भी किया। दूसरे स्थान पर सरस्वती विहार स्कूल की छात्रा सिमर रहीं, जिन्होंने कॉमर्स वर्ग में 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। पाइनवुड स्कूल की छात्रा हर्षिता ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस प्रकार, जिले के शीर्ष तीन स्थानों पर छात्राओं का कब्जा रहा। परिणाम घोषित होने के बाद स्कूलों में विद्यार्थियों और अभिभावकों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई छात्र-छात्राएं मोबाइल और इंटरनेट के जरिए अपना परिणाम देखते नजर आए। अच्छे अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का स्कूलों में स्वागत किया गया और मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई। जिला समन्वयक डॉ. दिव्य जैन ने बताया कि सहारनपुर जिले में सीबीएसई से संबद्ध 119 स्कूल हैं। इस वर्ष जिले के कुल 8143 विद्यार्थियों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में भाग लिया था। जिले का समग्र परीक्षा परिणाम संतोषजनक रहा। स्ट्रीम-वार प्रदर्शन में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट सफलता हासिल की। ह्यूमैनिटीज में नंदिनी कुशवाहा ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि कॉमर्स में सिमर अव्वल रहीं। साइंस मैथ्स वर्ग में आशा मॉडर्न पब्लिक स्कूल के संयम गुप्ता ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। साइंस बायोलॉजी वर्ग में सरस्वती विहार स्कूल की नैना आर्य ने भी 96 प्रतिशत अंक हासिल किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *