नालों की सफाई में लापरवाही पर नगर आयुक्त सख्त, दो सफाई कर्मी बर्खास्त

निरीक्षण में मिली गंदगी और अव्यवस्था, एसएफआई मुख्यालय संबद्ध व अवैध वाड़ा हटाने के निर्देश

बाबा न्यूज

आगरा। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने मंगलवार को मधू नगर , सेवला मार्ग और वार्ड-35 स्थित डेरा सरस के नाला कंसखार गेट क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था में भारी लापरवाही पाए जाने पर नगर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो आउटसोर्स सफाई कर्मियों को सेवा से हटाने, एक सफाई कर्मी का स्थानांतरण करने तथा क्षेत्रीय एसएफआई को मुख्यालय से संबद्ध करने के निर्देश दिए।
सबसे पहले मधू नगर जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया गया, जहां सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल मिली। सड़क पर जगह-जगह कूड़ा फैला हुआ था और निराश्रित गोवंश घूमते दिखाई दिए। मार्ग एवं डिवाइडर भी क्षतिग्रस्त पाए गए, जिससे बरसात में जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका जताई गई।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि क्षेत्र में कोई सफाई मित्र मौजूद नहीं था, जिसके चलते सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा जलाया जा रहा था। इस पर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को तत्काल नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर आयुक्त ने वार्ड-35 स्थित नाला कंसाखार का निरीक्षण किया। नाले के किनारे भारी मात्रा में सिल्ट जमा मिली तथा सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब पाई गई। नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नाला सफाई के लिए साप्ताहिक रोस्टर तैयार कर क्षेत्रीय पार्षदों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय एसएफआई ने बताया कि रात के समय फैक्ट्री संचालकों द्वारा नाले में कतरन डाली जाती है, जिससे नाला अवरुद्ध हो जाता है। इस पर नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि रात्रि के समय नाले से उचित दूरी पर कतरन एकत्रित करने वाले वाहन की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए।
क्षेत्रीय निवासियों ने नगर आयुक्त को बताया कि इलाके में नियमित सफाई नहीं होती और सफाई मित्र नाले के आसपास के क्षेत्रों की अनदेखी करते हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित एसएफआई एम पी सिंह को मुख्यालय से संबद्ध करने, आउटसोर्स सफाई मित्र सतीश को सेवा से हटाने तथा सफाई कर्मी रोहित का स्थानांतरण करने के निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में पशुपालकों द्वारा संचालित अवैध वाड़ा भी पाया गया। इस पर प्रभारी अतिक्रमण को तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध वाड़ा हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं क्षतिग्रस्त नाले की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए स्टीमेट तैयार करने के निर्देश संबंधित निर्माण अधिकारियों को दिए गए। इसके अलावा बीती रात नगर आयुक्त द्वारा एस एन मेडिकल कॉलेज क्षेत्र से गुजरने वाले नाले का निरीक्षण किया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा ने इस दौरान नगर आयुक्त को बताया कि नाले की चैन मशीन द्वारा सफाई कराई जा रही है । निरीक्षण के दौरान चैन मशीन चालक उदयवीर सिंह के उपस्थित न होने पर बर्खास्त कर दिया गया। सिटी स्टेशन रोड नाले के निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद ने नगर आयुक्त को बताया कि नाले की तली झाड़ सफाई के बजाय एक तरफ की सिल्ट निकाली जा रही एक, इस पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने नाले की तली झाड़ सफाई के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने भैंरों नाला का भी निरीक्षण किया। यहां चैन मशीन चालू अवस्था में पाई गई। क्षेत्रीय दुकानदारों ने बताया कि उक्त स्थल पर प्राचीन पुलिया के नीचे दुकानदारों द्वारा मिर्च के कट्टे आदि डाल दिए जाने से पुलिया चोक है। इस पर नगर आयुक्त ने तत्काल समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण में दिए गए आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट अपर नगर आयुक्त के माध्यम से कार्यालय में प्रस्तुत की जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा के अलावा क्षेत्रीय पार्षद और संबंधित एस एफआई भी मौजूद रहे।

अमेरिका में भी गूँजेगा ‘हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ’ और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा

 

न्यूयॉर्क में पेंट व्यापारियों को समाज सेवा की प्रेरणा प्रदान करेंगे आगरा के समाजसेवी गोयल दंपत्ति

 छह दिवसीय इंटरनेशनल सेमिनार में सपत्नीक सहभागिता करेंगे समाजसेवी-उद्यमी पार्षद मुरारीलाल गोयल, उल्लेखनीय योगदान के लिए मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान

बाबा न्यूज 

आगरा। आगरा की तर्ज पर अब अमेरिका में भी ‘हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ’ और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा गूँजेगा। आगरा के समाजसेवी गोयल दंपति न्यूयॉर्क में भारत और भारत से बाहर के शीर्ष 111 पेंट व्यापारियों को जीवन-रक्षा के संदेश के साथ समाजसेवा की प्रेरणा प्रदान करेंगे।
उल्लेखनीय है कि सेवा आगरा, विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, अग्रवाल सम्मेलन और नेशनल चैंबर सहित अनेक सामाजिक धार्मिक और औद्योगिक संगठनों से जुड़े समाजसेवी-उद्यमी पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वाले 12 से 17 मई तक न्यूयॉर्क (अमेरिका) में कंसाई नैरोलैक पेंट द्वाराआयोजित छह दिवसीय इंटरनेशनल सेमिनार में अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन गोयल के साथ सहभागिता करेंगे।
सोमवार को न्यूयॉर्क के लिए दिल्ली एयरपोर्ट रवाना होने से पूर्व पार्षद मुरारी लाल गोयल ने बताया कि वे सेमिनार में पेंट व्यापारियों को जीवन-रक्षा की मुहिम में आगे आने की अपील करते हुए हर व्यापारी को अपनी आय में से कुछ हिस्सा वंचितों, जरूरतमंदों और समाज के हित में खर्च करने का संदेश देंगे।
गौरतलब है कि इस सेमिनार में श्री मुरारी लाल गोयल और समाज सेवा में उनके कंधे से कंधा लगाकर जुटी रहने वालीं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन गोयल को भी समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

*आगरा की बेहतरी के लिए करेंगे कई स्थलों का भ्रमण*
गोयल दंपति वहाँ टाइम्स स्क्वेयर, ब्रुकलिन ब्रिज, मैनहैटन ब्रिज, वॉल स्ट्रीट, 9 /11 मेमोरियल, यूएन हेडक्वार्टर, जनरल असेंबली बिल्डिंग, लिबर्टी स्टेट पार्क, स्टेचू ऑफ़ लिबर्टी, मैडम तुसाद वैक्स म्यूजियम आदि स्थलों का भ्रमण करते हुए वहाँ की स्वच्छता, ड्रेनेज व्यवस्था, कूड़ा संग्रह व स्मार्ट सिटी आदि की व्यवस्थाओं का अवलोकन भी करेंगे ताकि उस आधार पर नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य होने के नाते आगरा के लिए भी कुछ बेहतर प्रस्ताव सदन में रखा जा सके।

अपना दर्द भूलकर भी मरीजों की सेवा करती है नर्सेज

 

नर्सेज को नहीं मिल रहा है उनका हक : सतीश त्यागी
बाबा न्यूज
आगरा। अंतराष्ट्रीय नर्सेज दिवस पर जिला महिला अस्पताल में सभी नर्सेज ने मिलकर नर्सेज दिवस मनाया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉक्टर पुष्पलता प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका, डॉक्टर नीलम रानी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका, डॉक्टर सुनीता कुमारी ने फ्लोरेंस नाइटेंगल के चित्र पर केंडिल जलाकर एवं पुष्प माला डालकर कार्यक्रम की शुरुआत की । सभी स्टाफ को अच्छा कार्य करने हेतु गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।डॉक्टर पुष्पलता ने कहा कि बिना नर्सेज के हॉस्पिटल नहीं चल सकता। 24 घंटे यही मरीजों की सेवा करती है और पूरी ईमानदारी से अपना काम करती है। डॉक्टर नीलम रानी ने कहा कि नर्सेज अपना दर्द भूलकर भी मरीजों की सेवा करती है। सतीश त्यागी प्रदेश उपाध्यक्ष राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश ने कहा कि नर्सेज जितना कार्य हॉस्पिटल में करती है उसकी एवज में उनको उतना मन सम्मान नहीं मिलता है जिसकी वह हकदार है। कार्य का क्रेडिट डॉक्टर ले जाते है, जबकि मरीज की सेवा 24 नर्सेज करती है। आज के दिन प्रधानमंत्री, मुख्यमत्री और अधिकारी नर्सेज को बधाई देंगे और उनकी तारीफ करेंगे लेकिन जब वह अपना हक मांगेगी तो नहीं देंगे। पिछले छह महीने से ग्रह जनपद मैं तैनाती के लिए मंत्री ब्रजेश पाठक, महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, अपर मुख्य सचिव सभी सहमति दे चुके है लेकिन अभी तक शासनादेश तक नहीं किया है। कार्यक्रम में गीत प्रस्तुत किए तथा नर्सेज ने डांस करके धमाल किया ।कार्यक्रम मैं डॉक्टर पुष्पलता डॉक्टर नीलम रानी,डॉक्टर सुनीता कुमारी ,सतीश त्यागी प्रदेश उपाध्यक्ष राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश ,ममता सिंह,जैनवती,ऊषा सविता ,पूजा, मंजुला, नीरज,नीतू सुषमा,बिंदु, श्वेता,सुलेखा,संगीता, मनीषा, सोनी, नीलम, दीपिका, सुरभि, लक्ष्मी, रिंकी,  रिनी, इशिका, आशा शर्मा, कृष्णकांत, शैलेन्द्र,अखिल यादव आदि उपस्थित रहे।