फतेहपुर में आंधी-तूफान से दीवार गिरी, किशोर की मौत:खंभे उखड़ने से विद्युत आपूर्ति बाधित, लोग परेशान

फतेहपुर में बुधवार शाम करीब 4:30 बजे आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित किया। इस दौरान एक 13 वर्षीय बच्चे की दीवार गिरने से मौत हो गई, जबकि कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। यह घटना हठगांव थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव में हुई। गांव निवासी अजय बहादुर का पुत्र रितेश (13) घर के पास खड़ा था। तेज आंधी के कारण अचानक एक कच्ची दीवार गिर गई, जिसके नीचे दबकर रितेश की मौके पर ही मौत हो गई। आंधी-तूफान के कारण जिले के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली, जिससे लोगों को परेशानी हुई। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई। सुबह से तेज धूप और भीषण गर्मी के कारण तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस था। शाम को मौसम ने अचानक करवट ली और लगभग 10 मिनट तक चली तेज आंधी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान घटकर करीब 40 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिली। फिलहाल, प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *