नशा तस्करी का विरोध, ट्रक ड्राइवर और मालिक से मारपीट:36 हजार की लूट का आरोप, कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने SP से शिकायत की

शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र में नशा तस्करी का विरोध करने पर ट्रक ड्राइवर और मालिक के साथ मारपीट तथा लूट की घटना सामने आई है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत देने के चार दिन बाद भी पुलिस ने न मुकदमा दर्ज किया और न ही कोई कार्रवाई की। अब उन्होंने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। झिंझाना थाना क्षेत्र में ट्रक चालक तोहिद और ट्रक मालिक इकबाल ने कुछ लोगों पर मारपीट, लूट और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि क्षेत्र से डोडा (पोस्त के छिलके) की तस्करी का विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर हमला किया। पीड़ितों के अनुसार, आरोपी तनवीर और अदनान ने ड्राइवर तोहिद के साथ मारपीट की, जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने तोहिद से करीब 36 हजार रुपये लूट लिए और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने 30 मई को झिंझाना थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उनका आरोप है कि चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाया। कार्रवाई न होने से नाराज पीड़ित मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले की शिकायत करते हुए न्याय की मांग की। पीड़ितों ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया है। SP ने दिए जांच के निर्देश इस मामले में एसपी एनपी सिंह ने कहा कि मामला गंभीर है। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर जांच इंस्पेक्टर कैराना को सौंप दी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ‘ऑपरेशन क्लीन’ के बीच उठे सवाल
जनपद में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में नशा तस्करी से जुड़े आरोपों और कार्रवाई में देरी को लेकर स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *