बहराइच में क्लिनिक में मारपीट, पत्थर फेंके, VIDEO:विगो लगाने के अधिक पैसे मांगने पर विवाद, स्टाफ और परिजनों में झड़प

बहराइच के देहात कोतवाली क्षेत्र में एक निजी क्लिनिक पर पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। मंगलवार को हुई इस घटना में क्लिनिक स्टाफ और मरीज के परिजनों के बीच मारपीट हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और कई लोगों को हिरासत में लिया। यह घटना देहात कोतवाली इलाके के दो नक्का तिहारे पर स्थित शिफा क्लिनिक में हुई, जिसका संचालन अमानुल्लाह करते हैं। इलाके के निवासी विकास अपने बच्चे का इलाज कराने क्लिनिक आए थे। यहां विगो (IV कैनुला) लगाने के लिए कम्पाउंडर द्वारा अधिक पैसे मांगे जाने पर विकास का उससे विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर विकास ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद विकास के परिजन क्लिनिक पर पहुंचे और कथित तौर पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना की सूचना मिलते ही देहात कोतवाल दद्दन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। देहात कोतवाल दद्दन सिंह ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों के नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *