UPPSC APS 2023 रिजल्ट जारी:4,240 में से एक भी पास नहीं, 80 शब्द/मिनट शॉर्टहैंड में फेल, 331 पद अगली भर्ती में जाएंगे
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की अपर निजी सचिव (APS) परीक्षा-2023 दूसरे राउंड की रिजल्ट जारी कर दिया है। दूसरे चरण में शामिल सभी 4,240 अभ्यर्थी न्यूनतम योग्यता पर खरे नहीं उतर पाए। आयोग की आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार हिन्दी आशुलेखन (Shorthand) में निर्धारित 80 शब्द प्रति मिनट की त्रुटिरहित गति कोई भी उम्मीदवार हासिल नहीं कर सका, इसलिए किसी को भी तृतीय चरण के लिए सफल घोषित नहीं किया गया। यही कारण है कि आयोग ने कुल 331 रिक्तियों को अगली भर्ती के लिए अग्रनीत कर दिया है। इस भर्ती के लिए प्रथम चरण की परीक्षा 7 जनवरी 2024 को आयोजित हुई थी और उसका परिणाम 4 मार्च 2024 को जारी किया गया था, जिसमें 5,889 अभ्यर्थी सफल होकर दूसरे चरण में पहुंचे। दूसरे चरण की परीक्षा 28 जून से 18 जुलाई 2024 तक लखनऊ में दो सत्रों में ली गई थी, जिसमें विषय हिन्दी आशुलेखन 75 अंक और हिन्दी टंकण 25 अंक का था। 331 पदों पर भर्ती के लिए 19 सितंबर 2023 को विज्ञापन जारी किया था। कुल 1.25 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सेवा नियमावली के तहत आशुलेखन में कम-से-कम 80 शब्द प्रति मिनट की त्रुटिहीन गति अनिवार्य मानी जाती है और इस मानक के अभाव में किसी का चयन आगे नहीं बढ़ सका। UPPSC के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने बताया है कि परीक्षा से संबंधित प्राप्तांक और अन्य विवरण जल्द आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। उम्मीदवार अपने अंक और प्रतिक्रियाओं के लिए वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

