फर्जी कागज तैयार कर जमीन-बेचने के आरोप में महिला गिरफ्तार:कन्नौज में जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप, 6 अन्य आरोपियों की तलाश
कन्नौज में जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर पैतृक जमीन को दूसरे व्यक्ति के नाम बेचने के मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के उमर्दा से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। रविवार को मुख्य आरोपी बताई जा रही 60 वर्षीय रामकिशोरी उर्फ गोधन्ना को गिरफ्तार किया गया, जबकि छह अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने का आरोप उमर्दा निवासी रामतीर्थ पुत्र स्व. ज्वाला प्रसाद ने 27 जून को तिर्वा कोतवाली में तहरीर दी थी। इसमें उन्होंने शैलेंद्र यादव उर्फ श्यामू, विमल कुमार यादव पुत्रगण मुनीम सिंह निवासी उमर्दा, धर्मेंद्र सिंह यादव पुत्र अहिवरन सिंह यादव निवासी सेमपुर, रामकिशोरी उर्फ गोधन्ना पत्नी धनीराम, आनंद बाबू पुत्र धनीराम निवासी छछूंद थाना विधूना, औरैया, धर्मेंद्र यादव पुत्र मंग्गूलाल निवासी मिण्डापुर्वा थाना ठठिया तथा घनश्याम सिंह यादव पुत्र रामसागर निवासी तिलसरा के खिलाफ शिकायत की थी। रामतीर्थ का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी पैतृक जमीन के कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद धोखाधड़ी से राजस्व अभिलेखों में उनके चाचा और चाची के नाम दर्ज करा दिए गए। आरोप है कि बाद में इसी जमीन को दूसरे व्यक्ति के पक्ष में बेच दिया गया। विरोध करने पर मारपीट और धमकी का आरोप रामतीर्थ ने आरोप लगाया कि जमीन के संबंध में विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर तिर्वा पुलिस ने सभी सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रविवार को रामकिशोरी उर्फ गोधन्ना (60) पत्नी धनीराम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, जांच में महिला की भूमिका सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह ने बताया- फर्जी कागज तैयार कर जमीन की बिक्री कराने के मामले में रामकिशोरी मुख्य आरोपी है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में नामजद छह अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

