जिलाधिकारी ने भगौतीपुर ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया:औरैया में पहुंच मार्ग 3 मीटर चौड़ा करने और 24 घंटे संचालन के निर्देश दिए

औरैया में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने भगौतीपुर स्थित ट्रामा सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से ट्रामा सेंटर के संचालन, उपलब्ध सुविधाओं और स्टाफ की स्थिति की जानकारी ली। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि ट्रामा सेंटर में दो विशेषज्ञ चिकित्सक, तीन पैरामेडिकल स्टाफ और तीन मेडिकल अफसर तैनात हैं। इसके अलावा दो नर्सिंग स्टाफ मेडिकल कॉलेज से संबद्ध किए गए हैं। वर्तमान में सेंटर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित हो रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि मुख्य सड़क से ट्रामा सेंटर तक के पहुंच मार्ग को ग्राम समाज से लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर 3 मीटर चौड़ा मार्ग बनाया जाए, ताकि मरीजों और एम्बुलेंस को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।
24 घंटे संचालन की तैयारी के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि चिकित्सकों और कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा नहीं होने के कारण ट्रामा सेंटर को 24 घंटे संचालित करने में कठिनाई हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने स्टाफ आवास के लिए भूमि चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने तथा ट्रामा सेंटर को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल वेस्टेज के उचित निस्तारण के लिए संबंधित संस्था से अनुबंध करने तथा शासन के निर्देशानुसार सोलर सिस्टम स्थापित कराने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, मुख्य चिकित्साधिकारी सुरेंद्र कुमार सिंह सहित ट्रामा सेंटर में कार्यरत चिकित्सक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *