भाजपा नेता ने बीएसएफ जवान के आरोपों को नकारा:कार की किस्त, बीमा और खर्च खुद उठाने का दावा किया, गाली-गलौज का आरोप लगाया

बीएसएफ जवान अनुज कुमार द्वारा कार और रुपये हड़पने के आरोपों के बाद भाजपा नेता शुभम जाटव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा है। जाटव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया और कहा कि मामले को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास अपने पक्ष को साबित करने वाले दस्तावेज और साक्ष्य मौजूद हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभम जाटव ने स्पष्ट किया कि जिस बलेनो कार को लेकर विवाद है, उसे उन्होंने दोस्ती के चलते अनुज कुमार के नाम पर खरीदा था। उन्होंने बताया कि वाहन भले ही कागजी तौर पर अनुज कुमार के नाम दर्ज हो, लेकिन उसकी मासिक किस्तें, बीमा और अन्य सभी खर्च वही वहन करते हैं। जाटव ने दावा किया कि उनके पास इन भुगतानों से जुड़े दस्तावेज और रिकॉर्ड सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वाहन की डिलीवरी के समय उनके परिवार के साथ खींची गई तस्वीरें भी मौजूद हैं, जो वाहन से उनके सीधे संबंध और लगातार खर्चों के भुगतान की पुष्टि करती हैं। भाजपा नेता ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप तथ्यों से परे हैं। शुभम जाटव ने आरोप लगाया कि बीएसएफ जवान अनुज कुमार अक्सर शराब के नशे में अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह पूरा मामला उनके रिश्तेदार की एक खाली पड़ी जमीन को लेकर चल रहे विवाद और उससे जुड़े मतभेदों के बाद सामने आया है। जाटव के अनुसार, उनके रिश्तेदार की जमीन पर पार्किंग की जाती है और इस स्थान को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित जमीन पर कब्जे की मंशा को लेकर भी तनाव रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *