बाउंड्री विवाद में लाठियां चलीं, चार घायल:देवरिया में एक ही परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज में भर्ती

देवरिया के परसिया भंडारी गांव में बुधवार को जमीन की बाउंड्री को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर घायलों को लाठियों से पीटते हुए दिख रहे हैं। सदर कोतवाली क्षेत्र के परसिया भंडारी गांव में जमीन की सीमा निर्धारण और बाउंड्री निर्माण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार दोपहर इसी मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। इस दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में कन्हैया प्रजापति, शंभू प्रजापति, मीना देवी और दीपक प्रजापति घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि बाउंड्री विवाद को लेकर मारपीट की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। मामले में प्राप्त साक्ष्यों और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *