Breaking News
संतकबीरनगर में मांगों को लेकर टावर पर चढ़ा युवक:बोला- हम जीना चाहते हैं, मुझे धमकी मिल रही है; 6 घंटे बाद नीचे उतारा

संतकबीरनगर में अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को एक युवक खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में 80 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। खलीलाबाद कोतवाली पुलिस, सदर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब 6 घंटे तक समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका। परिवार के पहुंचने के बाद माना टावर पर युवक के चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार उससे बातचीत करते रहे और सुरक्षित नीचे उतरने की अपील करते रहे। अधिकारियों ने उसके परिवार को भी मौके पर बुलाया। क्षेत्राधिकारी प्रियम राज शेखर पाण्डेय ने युवक को आश्वासन दिया कि उसकी शिकायतों और मांगों को सुना जाएगा और नियमानुसार उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों ने उससे अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टावर से नीचे उतरने की अपील की। प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद, युवक का आरोप टावर पर चढ़े युवक की पहचान प्रभुनाथ के रूप में बताई गई है। प्रभुनाथ के मुताबिक, कुछ समय पहले उसका एक युवती से प्रेम-प्रसंग था। दोनों ने मंदिर में शादी की थी और युवती उसके साथ मुंबई चली गई थी। उसके अनुसार, बाद में दोनों परिवारों ने उन्हें वापस बुलाकर सुलह-समझौता कराया। इसके बाद युवती अपने घर चली गई और प्रभुनाथ रोजी-रोटी के लिए दोबारा मुंबई चला गया। प्रभुनाथ का आरोप है कि पुराने मामले को लेकर युवती के पक्ष के लोग उसके परिवार को परेशान करते रहे और मारपीट भी की। करीब दो साल बाद घर लौटने पर उसके साथ भी मारपीट और धमकी देने का आरोप है। पुलिस पर भी लगाए आरोप प्रभुनाथ के मुताबिक, वह इस मामले को लेकर बेलहर थाना पुलिस के पास पहुंचा था। उसका आरोप है कि वहां भी उसे और उसके परिवार को परेशान किया गया तथा जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इससे वह तनाव में आ गया और मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब छह घंटे चले घटनाक्रम के बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बीच वह नीचे उतर आया। इसके बाद अधिकारियों ने उससे पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस फिलहाल युवक की शिकायतों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *