Breaking News
ग्रामीण ने मनरेगा से सार्वजनिक स्थल पर फ्रिजलगाने की मांग:ठंडे पानी की स्थायी व्यवस्था के लिए डीएम को सौंपा पत्र

बागपत जिले के बड़ौत तहसील क्षेत्र के किरठल गांव के एक ग्रामीण ने जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय पहुंचकर सार्वजनिक स्थान पर ठंडे पेयजल की स्थायी व्यवस्था की मांग की है। ग्रामीण ने अपने हाथ में तिरंगा लेकर डीएम को एक शिकायती पत्र सौंपा। उनका कहना है कि गांव में गर्मी के दिनों में राहगीरों और ग्रामीणों के लिए ठंडे पानी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। ग्रामीण नदीम ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या आज भी बनी हुई है। नदीम ने मनरेगा या किसी अन्य सरकारी योजना के माध्यम से गांव के किसी सार्वजनिक स्थान पर फ्रिज या वाटर कूलर लगाने की मांग की है। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि ग्राम पंचायत ने पिछले चार वर्षों में पेयजल व्यवस्था के नाम पर बैंक से धनराशि निकाली है, लेकिन गांव में कोई ठोस कार्य दिखाई नहीं देता। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अनियमितता सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यह शिकायत जिला प्रशासन के पास पहुंच गई है। इस संबंध में ग्राम पंचायत की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *