Breaking News
सीए आयुष गर्ग और डॉ. सुनीषा गर्ग बनी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत

 

एक ही परिवार में ज्ञान और सेवा का संगम: सीए दिवस एवं राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर विशेष

पूर्व चेयरमैन अनिल गर्ग अन्नी भाई को बधाई देने वालों का लगा तांता

बाबा न्यूज
खेरागढ़। जुलाई का दिन भारत में दो प्रतिष्ठित व्यवसायों को समर्पित है। इस दिन जहाँ चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) दिवस मनाया जाता है। वहीं राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (Doctors’ Day) भी पूरे देश में मनाया जाता है।
खेरागढ़ निवासी सीए आयुष गर्ग, सुपुत्र अनिल गर्ग (अन्नी), एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. सुनीषा आयुष गर्ग इस वर्ष इस विशेष अवसर का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आए हैं। एक ओर सीए आयुष गर्ग अपने ज्ञान, ईमानदारी एवं वित्तीय विशेषज्ञता से देश की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में योगदान दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर डॉ. सुनीषा आयुष गर्ग चिकित्सा सेवा के माध्यम से मानव जीवन की रक्षा एवं समाज के स्वास्थ्य संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
चार्टर्ड अकाउंटेंट वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और आर्थिक विकास के मजबूत आधार स्तंभ होते हैं, जबकि चिकित्सक अपनी सेवा, समर्पण और करुणा से समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने का कार्य करते हैं। एक ही परिवार में इन दोनों प्रतिष्ठित सेवाओं का संगम समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं शुभचिंतकों ने अनिल गर्ग (अन्नी) एवं उनके परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए सीए आयुष गर्ग एवं डॉ. सुनीषा आयुष गर्ग के उज्ज्वल भविष्य तथा निरंतर समाजसेवा की कामना की। यह उपलब्धि न केवल गर्ग परिवार बल्कि सम्पूर्ण खेरागढ़ क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है।

सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया:कार्यकर्ताओं ने 2027 में सरकार बनाने का लिया संकल्प

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। यह आयोजन दोपहर 1:30 बजे जिला सपा कार्यालय और सपा नेता रामज्ञान गुप्ता के आवास पर सामूहिक रूप से किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने केक काटा, हवन-पूजन किया और विशाल भंडारे का आयोजन कर उनके दीर्घायु होने की कामना की। जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह पाल ने की, जिसे सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की अनुमति से आयोजित किया गया था। सुबह से ही कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्री अमिय कृष्ण शास्त्री और विमलेश दीक्षित ने मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक हवन संपन्न कराया। इसके बाद पूर्व विधायक अनिल वर्मा, अमित बाजपेई और अखिलेश पाठक सहित अन्य नेताओं ने केक काटकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का मुंह मीठा कराया। कार्यक्रम में गगनभेदी नारों के बीच वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया गया। पूर्व विधायक अनिल वर्मा ने पूर्व सैनिकों और मीडियाकर्मियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सांस्कृतिक प्रकोष्ठ द्वारा आल्हा गायन कर सपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण हेतु ‘पीडीए वृक्षारोपण’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसी क्रम में, समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता ने भी अपने सर्कुलर रोड स्थित आवास पर व्यापारियों और नेताओं के साथ अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया। उन्होंने केक काटा और एक विशाल भंडारे का आयोजन किया। रामज्ञान गुप्ता ने अखिलेश यादव को युग पुरुष और पीडीए का जननायक बताते हुए उनके कार्यकाल के एम्बुलेंस सेवा, लैपटॉप वितरण और एक्सप्रेस-वे जैसे विकास कार्यों को याद किया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी, पूर्व जिला अध्यक्ष पदमराग सिंह यादव ‘पम्मू’, विमल मिश्रा, अशोक गोपार, राहुल गुप्ता, फूलचंद वर्मा, मंजू वर्मा, अखिलेश पाठक और सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही:देवरिया में 3 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही बरतने पर तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इनमें अधिशासी अभियंता विद्युत, खंड विकास अधिकारी भाटपाररानी और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भाटपाररानी शामिल हैं। आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायतों का निस्तारण शासन के निर्धारित मानकों और प्रावधानों के अनुरूप नहीं किया गया था। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आईजीआरएस शिकायतों का समयबद्ध, तथ्यपरक और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को भविष्य में शिकायतों के निस्तारण में पूरी गंभीरता बरतने और प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, अधिशासी अभियंता विद्युत को विद्युत बिल संशोधन से जुड़े दो मामलों में नोटिस जारी किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी भाटपाररानी को नाला खुलवाने और सड़क निर्माण संबंधी दो शिकायतों में त्रुटिपूर्ण आख्या प्रस्तुत करने के लिए जवाब देना होगा। इसी तरह, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भाटपाररानी को ग्राम सभा में विकास कार्यों से जुड़े एक प्रकरण में गलत रिपोर्ट देने पर नोटिस मिलेगा।

घरेलू झगड़े में साधु ने पेट में चाकू घोंपा:हमीरपुर में सर्जन न होने पर कानपुर रेफर, हालत गंभीर

हमीरपुर जिले के ललपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक 75 वर्षीय साधु ने पारिवारिक कलह से आहत होकर आत्महत्या का प्रयास करते हुए अपने पेट में चाकू घोंप लिया। गंभीर रूप से घायल साधु को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है, क्योंकि जिला अस्पताल में सर्जन उपलब्ध नहीं थे। यह घटना ललपुरा थाना क्षेत्र के भुजपुर गांव की है। 75 वर्षीय लालू कई वर्षों से साधु वेश धारण कर पूजा-पाठ करते रहे हैं। परिजनों के अनुसार, उनका स्वभाव झगड़ालू था और उन्हें कई मंदिरों से हटाया जा चुका था। वर्तमान में भी उन्हें गांव के बाहर स्थित एक मंदिर से हाल ही में हटाया गया था।
घायल के पुत्र रामविलास ने बताया कि उनके पिता बहुओं से गाली-गलौज करते थे और गांव की महिलाओं से भी अभद्र व्यवहार करते थे, जिससे आए दिन विवाद होते थे। बुधवार सुबह भी परिवार में कहासुनी हुई, जिसके बाद लालू ने आवेश में आकर खुद को चाकू मार लिया। घटना के बाद परिजन साधु को तत्काल छानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में सर्जन की अनुपलब्धता और अत्यधिक रक्तस्राव के जोखिम के कारण डॉक्टरों ने चाकू निकालने का प्रयास नहीं किया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आर.एस. प्रजापति ने पुष्टि की कि पेट में धंसे चाकू को निकालना जोखिम भरा था और सर्जन न होने के कारण मरीज को बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर किया गया है। परिजन एंबुलेंस से घायल को लेकर कानपुर रवाना हो गए। इस घटना के दौरान साधु की नातिन अपने दादा को चाकू मारते देख बेहोश हो गई। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

संभल में करंट से किसान की भैंस की मौत:विद्युत विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश, डेढ़ लाख का नुकसान

संभल के थाना हयातनगर क्षेत्र के मोहल्ला कोटला सरायतरीन में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के कारण करंट लगने से एक किसान की भैंस की मौत हो गई। इस घटना से किसान को लगभग डेढ़ लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त की। मोहल्ला कोटला सरायतरीन निवासी किसान शाहनवाज ने बताया कि वह अपनी भैंस को तालाब से नहलाकर घर ला रहे थे। रास्ते में ट्यूबवेल की विद्युत लाइन के एक नंगे तार में उतर रहे करंट की चपेट में आने से भैंस अचानक गिर पड़ी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। किसान के अनुसार, मृत भैंस की कीमत सवा से डेढ़ लाख रुपये के बीच थी, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। शाहनवाज ने आरोप लगाया कि संबंधित स्थान पर ट्यूबवेल की विद्युत लाइन का तार लंबे समय से नंगा पड़ा था और उसमें कई दिनों से करंट प्रवाहित हो रहा था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस समस्या के बारे में पहले भी विद्युत विभाग को सूचित किया गया था, लेकिन विभाग ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि यह हादसा विभाग की घोर लापरवाही का परिणाम है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना था कि यदि समय रहते नंगे तार को ठीक कर दिया जाता, तो इस हादसे को टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने क्षेत्र में जर्जर और खुले विद्युत तारों की तत्काल जांच कर उन्हें दुरुस्त करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

देवरिया में यूपी टीईटी परीक्षा:12 केंद्रों पर होगी, 25,920 अभ्यर्थी शामिल होंगे

देवरिया में यूपी टीईटी 2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को किया जाएगा। यह परीक्षा 12 केंद्रों पर होगी, जिसमें कुल 25,920 अभ्यर्थी शामिल होंगे। तीन दिवसीय यह परीक्षा पांच पालियों में संपन्न होगी, प्रत्येक पाली में लगभग 5,183 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। व्यवस्था की निगरानी हेतु नोडल अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। बुधवार को केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों की बैठक आयोजित कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बेसिक शिक्षा विभाग के कई शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों में होगी, जबकि 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और हेल्प डेस्क जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले के 12 परीक्षा केंद्रों में बीआरडी पीजी कॉलेज मेहड़ा पुरवां, दीनानाथ पांडेय राजकीय महिला पीजी कॉलेज, एसएसबीएल इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, लाला करमचंद थापर इंटर कॉलेज बैतालपुर, जनता इंटर कॉलेज रामपुर कारखाना, अशोक इंटर कॉलेज डुमरी, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज जलकल रोड, बाबा राघव दास इंटर कॉलेज न्यू कॉलोनी, राजकीय पॉलिटेक्निक गोरखपुर रोड, महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज गुरुलपार और जनता इंटर कॉलेज सोनूघाट शामिल हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यालय अवधि के दौरान परीक्षा की तैयारी नहीं करेंगे और उन्हें परीक्षा के लिए कोई विशेष अवकाश नहीं मिलेगा। डॉ. मौर्य ने स्पष्ट किया कि शिक्षक तभी परीक्षा में शामिल हों, जब इससे विद्यालय का शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हो। इसके अतिरिक्त, बिना टीईटी के नियुक्त शिक्षकों को न्यायालय के आदेशों के अनुरूप निर्धारित शर्तों के अधीन ही परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।