Breaking News
प्रयागराज में पप्पू यादव के खिलाफ विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन:राहुल गांधी, खड़गे और अवधेश प्रसाद पर भी कार्रवाई की मांग

प्रयागराज में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सांसद पप्पू यादव के खिलाफ जॉर्जटाउन थाने में शिकायत पत्र सौंपा। संगठन ने पप्पू यादव पर भगवान श्रीराम और हिंदू आस्था का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। जिला संयोजक शुभम कुशवाहा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जॉर्जटाउन थाने पहुंचे। तहरीर सौंपने से पहले और बाद में कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर धरना दिया और सांसद पप्पू यादव के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ भी नारे लगाए। उन्होंने इन नेताओं के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की। पुलिस को दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि 31 जुलाई 2026 को संसद परिसर स्थित एक मंदिर में सांसद पप्पू यादव ने भगवा वस्त्र धारण कर संत-महात्माओं का वेश बनाया। उन्होंने भगवान श्रीराम के चित्र एवं दामपट का ऐसा उपयोग किया, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। शिकायत में कहा गया है कि यह कृत्य जानबूझकर किया गया, जिससे सनातन समाज में आक्रोश व्याप्त है। शिकायत पत्र में यह भी आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद अवधेश प्रसाद सहित अन्य लोगों ने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग और समर्थन किया। विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल ने इसे हिंदू समाज की आस्था पर आघात बताते हुए सभी संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की है। जिला संयोजक शुभम कुशवाहा ने इस अवसर पर कहा कि किसी भी धर्म, देवी-देवता, संत-महात्मा या धार्मिक प्रतीकों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान शिवम द्विवेदी, विजय पब्लिक, मनीष श्रीवास्तव, गोविंद, सत्कारण पांडेय, मनीष कुशवाहा, अजय गुप्ता, सुमित वर्मा सहित बड़ी संख्या में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *