Breaking News
मायके से लौटी विवाहिता का फंदे से लटका मिला शव:7 माह की गर्भवती थी, पिता ने ससुरालवालों पर लगाया दहेज के लिए हत्या करने का आरोप

संभल में मायके से ससुराल लौटी सात माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे पुलिस को दी गई। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के पांच लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामला गुन्नौर तहसील के रजपुरा थाना क्षेत्र के चंदूनगला गांव का है। मृतक की पहचान रेखा यादव (23) पत्नी जीतपाल उर्फ वाबेश के रूप में हुई है। रेखा की शादी करीब एक साल चार महीने पहले हुई थी। उसका मायका कैलादेवी थाना क्षेत्र के कमालपुर खानुपुरा गांव में है। रात में फोन कर बताया था- मारपीट हो रही है रेखा के पिता महावीर सिंह के अनुसार, उनकी बेटी 31 अगस्त को मायके से ससुराल गई थी। उसी रात करीब 9 बजे रेखा ने फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। कुछ देर बाद फोन कट गया। दोबारा संपर्क करने पर मोबाइल बंद मिला। अगली सुबह करीब 8 बजे मायके वालों को रेखा की मौत की जानकारी मिली। ससुराल पक्ष के लोग बाजरा के खेत से लौटे तो रेखा को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। बुलेट, सोने की चेन और पांच लाख की मांग का आरोप पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले बुलेट मोटरसाइकिल, दो तोले सोने की जंजीर और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर रेखा को परेशान कर रहे थे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। महावीर सिंह ने पति जीतपाल उर्फ वाबेश, उसके पिता रामवीर, रामवीर की पत्नी उषा, विवेक और योगेश के खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *