दो दिन से लापता बुजुर्ग का नाले में शव मिला:शराब की बोतल भी बरामद, रिश्तेदारी में आया था कानपुर
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर में एक खुले नाले से 63 साल के बुजुर्ग का शव मिला है। यह शव मंगलवार शाम करीब 4:40 बजे जमुना देवी बालिका विद्यालय के गेट के बाहर मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मृतक की पहचान की गई। बुजुर्ग पिछले दो दिन से लापता थे और सोमवार को उनके परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी जावेद अहमद ने बताया कि मृतक की पहचान दिनेश चंद्र उदेनिया (63) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से महोबा के कुलपहाड़ के रहने वाले थे और फिलहाल झांसी में रहते थे। दिनेश चंद्र कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के गांधीग्राम में अपने भतीजे के घर रिश्तेदारी में आए थे। परिवार के लोगों ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से लापता थे। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला, जिसके बाद सोमवार को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई गई थी। परिवार ने पुलिस को बताया कि दिनेश चंद्र बहुत ज्यादा शराब पीते थे। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के पास से शराब की बोतल भी मिली है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि शराब पीने के दौरान वह नाले में गिर गए होंगे। पुलिस दूसरे पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और घटनास्थल की स्थिति की भी जांच कर रही है। कानपुर में नाले में गिरने से मौत के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। जनवरी 2025 में जाजमऊ में नाले की टूटी स्लैब से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। जून 2025 को गीतानगर में ठेकेदार सलीम की खुले नाले में गिरने से जान चली गई थी। उसी साल जून में पनकी में भी एक ट्रक चालक खुले नाले में गिरकर मर गया था। सितंबर 2025 को नवाबगंज में रज्जनलाल नाले में बह गए थे, उनका शव करीब एक किलोमीटर दूर मिला था। मार्च 2026 में रावतपुर के केशवपुरम रोड पर डिलीवरी बॉय शिवाकमल की नाले में गिरने से मौत हुई थी। 5 मार्च 2026 को शताब्दी नगर में विजय सिंह की भी नाले में गिरने से जान चली गई थी।

