पीलीभीत में स्वाइनफ्लू की दस्तक, 8 साल का बच्चा पॉजिटिव:जिले में पहला मामला सामने आया, अस्पताल में विशेष वार्ड तैयार
पीलीभीत जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) ने दस्तक दे दी है। पूरनपुर के मोहल्ला कायस्थान में रहने वाले एक आठ साल के बच्चे में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। डेंगू और मलेरिया के बढ़ते खतरे के बीच इस सीजन का यह पहला मामला सामने आया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है और बचाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बच्चे को करीब एक हफ्ते पहले तेज बुखार और खांसी हुई थी। स्थानीय इलाज से आराम न मिलने पर परिजनों ने उसे बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने इलाज के साथ स्वाइन फ्लू का टेस्ट भी कराया था। बच्चे की सेहत में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन मंगलवार को उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि, परिजन बच्चे के पूरी तरह स्वस्थ होने की बात कहकर रिपोर्ट पर सवाल उठा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ कार्यालय ने बच्चे और उसके संपर्क में आए सभी परिजनों की दोबारा जांच के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम इलाके में लगातार निगरानी और सर्वे कर रही है। स्वाइन फ्लू के खतरे से निपटने के लिए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर पीलीभीत जिला अस्पताल में तैयारियां बढ़ा दी गई हैं। अस्पताल प्रशासन ने स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए 14 बेड का एक खास वार्ड बनाया है। गंभीर मरीजों के तुरंत इलाज के लिए आईसीयू में भी 12 बेड आरक्षित किए गए हैं। अस्पताल के उप प्राचार्य डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि वार्ड में ऑक्सीजन, जरूरी दवाओं और प्रशिक्षित स्टाफ की पूरी व्यवस्था है। संदिग्ध मरीजों की शुरुआती जांच के लिए अस्पताल में एक अलग स्क्रीनिंग काउंटर भी बनाया गया है। इसके अलावा, एच-1 एन-1 की जांच जिला स्तर पर ही हो सके, इसके लिए आरटी-पीसीआर मशीनों के इस्तेमाल और जांच किट खरीदने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

