अलीगढ़ में अतिक्रमण पर नगर निगम सख्त:एक दिन में 100 से ज्यादा नोटिस, 25 हजार जुर्माना वसूला, सामान जब्त करने की चेतावनी
शहर में जाम और ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को एटा चुंगी से मानसिंह की पुलिया तक अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला और अतिक्रमण का सामान जब्त किया।
सहायक नगर आयुक्त की निगरानी में प्रवर्तन दल ने पुलिस बल के साथ अभियान चलाया। वहीं, शमशाद मार्केट में 100 से अधिक अतिक्रमण करने वालों को नोटिस दिए गए। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सामान जब्त करने के साथ निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा।
सड़क, फुटपाथ और नाले पर कब्जा तो कार्रवाई
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि सड़क, सड़क किनारे फुटपाथ, नाले-नालियों पर सामान रखकर या स्लैब डालकर रास्ता घेरने वालों को खुद अतिक्रमण हटाना होगा। नगर निगम की कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को अंतिम मोहलत दी जा रही है। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों की इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से लगातार निगरानी की जा रही है। अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर नजर रखी जा रही है। नगर निगम का उद्देश्य मुख्य मार्गों को जाम से मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारु करना है। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ अगली कार्रवाई सीधे जब्ती और जुर्माने के रूप में होगी।

