Breaking News
बेटे की मौत का इंसाफ मांग रहे माता-पिता:4 दिन से कलेक्ट्रेट पर धरना जारी, अफसरों ने नहीं सुनी बात

सुदिति ग्लोबल एकेडमी में वंश कश्यप की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर धरना चौथे दिन भी जारी है। यह धरना कलेक्ट्रेट के तिकोनिया पार्क में चल रहा है। वंश के माता-पिता चार दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इस दौरान कई सामाजिक संगठन और राजनीतिक दल परिवार को समर्थन देने धरना स्थल पर पहुंच रहे हैं। परिवार का आरोप है कि नौ महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। वंश के पिता केशव कश्यप ने बताया कि उन्हें भूख हड़ताल पर बैठे चार दिन हो गए हैं। उन्होंने इस दौरान अन्न का एक दाना भी नहीं खाया है। उन्होंने कहा कि वे अपने बेटे की मौत का इंसाफ पाने के लिए भूख हड़ताल पर हैं। केशव कश्यप का आरोप है कि अब तक किसी अधिकारी ने उनकी बात नहीं सुनी और न ही कोई हल निकालने की कोशिश की है। उनका कहना है कि बेटे की मौत को नौ महीने से ज्यादा हो गए हैं। मुकदमा भी दर्ज है, लेकिन पुलिस प्रशासन ने ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की जिससे परिवार को न्याय की उम्मीद मिले। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार चार दिन से खुले आसमान के नीचे बैठा है। इसके बावजूद अधिकारियों ने उनकी मांगों पर कोई ठोस जवाब नहीं दिया है। उनका कहना है कि जब तक बेटे की मौत के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे धरना खत्म नहीं करेंगे। वहीं, वंश की मां ज्योति कश्यप ने हाईकोर्ट से मिले स्टे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर लव मोहन को लगता है कि वे इस मामले में सही हैं और उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है, तो फिर हाईकोर्ट से स्टे लेने की क्या जरूरत थी? ज्योति कश्यप ने कहा कि अगर उन्हें भरोसा है कि उनके खिलाफ कोई गलती नहीं हुई है, तो उन्हें जांच और कार्रवाई का सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका परिवार किसी से बदला लेने की मांग नहीं कर रहा है। उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि वंश की मौत की सच्चाई सामने आए और जो भी इसके लिए जिम्मेदार है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। ज्योति कश्यप ने कहा कि एक मां के लिए अपने बच्चे को खोने के बाद महीनों तक न्याय की उम्मीद में अधिकारियों के चक्कर लगाना बेहद मुश्किल है, लेकिन परिवार ने अब अपनी मांग पूरी होने तक पीछे नहीं हटने का फैसला किया है। वंश कश्यप की 22 नवंबर 2025 को स्कूल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। स्कूल प्रबंधन की ओर से उसकी मौत गिरने से होने की बात कही गई थी, जबकि परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। परिवार का आरोप है कि इसके बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। अब चौथे दिन भी तिकोनिया पार्क में वंश के माता-पिता भूख हड़ताल पर बैठे हैं। लगातार मिल रहे सामाजिक और राजनीतिक समर्थन के बीच परिवार की निगाह अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है। माता-पिता का कहना है कि उन्हें आश्वासन नहीं, बेटे की मौत के मामले में ठोस कार्रवाई चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *