9 महीने बाद परिवार से मिला रेहान,नानी-मौसी बिहार ले गईं:सागर सिंह राहुल के प्रयास से हुई घर वापसी, नानी और मौसी लेने पहुंचीं बिहार
बलिया में करीब नौ महीने से परिवार से बिछड़ा बिहार के पूर्णिया जिले के भवानीपुर निवासी मुहम्मद रेहान आखिरकार अपने घर लौट गया। बुधवार को बलिया के गुदरी बाजार में मिलने के बाद सागर सिंह राहुल ने उसके परिजनों से संपर्क किया। शुक्रवार को रेहान की नानी और मौसी उसे लेने बलिया पहुंचीं और अपने साथ बिहार ले गईं। गली में घूमता मिला था रेहान सागर सिंह राहुल ने बताया कि बुधवार शाम कुछ लड़कों ने फोन कर बताया कि एक लड़का शहर के गुदरी बाजार की एक गली में घूम रहा है। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और लड़के को अपने घर ले आए। पूछताछ में लड़के ने अपना नाम रेहान बताया। उसने बताया कि वह दिल्ली से भटककर बलिया पहुंच गया था। इसके बाद सागर ने रेहान के बताए विवरण के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क किया। नानी-मौसी ने पहुंचकर लगाया गले रेहान के मिलने की सूचना मिलते ही उसकी नानी और मौसी बलिया के लिए रवाना हो गईं। करीब 48 घंटे का सफर तय कर वे पूर्णिया से बलिया पहुंचीं। लंबे इंतजार के बाद रेहान को सामने देखकर दोनों ने उसे गले लगा लिया। सागर के मुताबिक, रेहान जब अपने परिवार के साथ जाने लगा तो उसने खुशी में उन्हें 500 रुपये दिए और कहा कि इससे “चिकन” खा लेना। पिता की मौत के बाद दिल्ली आ गया था परिवार जानकारी के अनुसार, रेहान के पिता के निधन के बाद उसकी मां बच्चों को लेकर दिल्ली आ गई थीं। वह वहां घरेलू काम करके परिवार का पालन-पोषण करती थीं। इसी दौरान जनवरी 2025 में रेहान घर से निकलकर भटक गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। दिल्ली के थाने में भी सूचना दी गई, लेकिन लंबे समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिवार उसकी वापसी की उम्मीद लगाए हुए था। सागर और उनके परिवार ने की देखभाल बुधवार को रेहान के मिलने की सूचना उसके परिजनों तक पहुंची तो परिवार में खुशी का माहौल हो गया। नानी और मौसी के बलिया पहुंचने तक सागर सिंह राहुल और उनके परिवार व साथियों ने रेहान की देखभाल की। शुक्रवार को परिजन उसे अपने साथ बिहार ले गए। परिवार ने रेहान की सकुशल घर वापसी में सहयोग करने वाले सागर सिंह राहुल और अन्य लोगों का आभार जताया।

