सहारनपुर में दिव्यांग परिवार ने DM-SSP से लगाई गुहार:बहू पर प्रताड़ना और पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप

सहारनपुर में एक दिव्यांग परिवार ने अपनी बहू पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए डीएम अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनन्दन से न्याय की गुहार लगाई है। परिवार ने स्थानीय पुलिस पर भी दबाव बनाने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को भारतीय विकलांग समाज कल्याण सोसाइटी के पदाधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार कलेक्ट्रेट पहुंचा और शिकायती पत्र सौंपा। रांघड़ो का पुल, जाटव नगर निवासी नौशाद पुत्र इलियास ने बताया कि वह और उसके दो भाई-बहन दिव्यांग हैं। नौशाद का आरोप है कि उसकी पत्नी घर में आए दिन विवाद करती है, दिव्यांग भाइयों को समय पर खाना नहीं देती और उनके साथ अभद्र व्यवहार करती है। पीड़ित परिवार ने यह भी बताया कि महिला कई बार अपने रिश्तेदारों को बुलाकर मारपीट भी करा चुकी है। नौशाद की गैरमौजूदगी में उसके दिव्यांग भाइयों को प्रताड़ित किया जाता है, जिसकी जानकारी उसे घर लौटने पर रोते हुए भाइयों से मिलती है। परिवार का दावा है कि हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि वे पिछले तीन दिनों से घर से बाहर रहने को मजबूर हैं और मस्जिद के चबूतरे पर रात गुजार रहे हैं। नौशाद पेशे से ड्राइवर है और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। उसने बताया कि लगातार तनाव और पारिवारिक विवाद के चलते वह मानसिक रूप से टूट चुका है। भारतीय विकलांग समाज कल्याण सोसाइटी के अध्यक्ष मौलाना इस्तखार तबस्सुम ने इस मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांग होने के बावजूद परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला परिवार के किसी सदस्य के साथ रहने को तैयार नहीं है और उसने पूरे परिवार को घर से बाहर निकलवा दिया है। परिवार ने रांघड़ो का पुल चौकी पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस उनकी मदद करने के बजाय उन पर ही दबाव बना रही है और उन्हें धमकाकर घर से बाहर निकलवा दिया। पीड़ितों ने अपनी आर्थिक कमजोरी और दिव्यांगता के कारण सुरक्षा करने में असमर्थता भी व्यक्त की। पीड़ित परिवार ने डीएम और एसएसपी से निष्पक्ष जांच कराकर सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *