मुरादाबाद में तेज रफ्तार बाइक ने महिला को मारी टक्कर:खेत जा रही मुन्नी देवी की इलाज के दौरान मौत
मुरादाबाद में एक सड़क हादसे में खेत पर मजदूरी करने जा रही 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मझोला थाना क्षेत्र के मुरादाबाद-रामपुर बाईपास पर तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी थी। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मंगूपुरा निवासी मुन्नी देवी पत्नी चिरंजीलाल आज दोपहर करीब 3:30 बजे अपने घर से खेत में मजदूरी करने जा रही थीं। बताया गया कि वह बाईपास पर बने डिवाइडर कट को पार कर रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मुन्नी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान मुन्नी देवी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

