महापौर ने सिंगापुर की मंत्री को दिया आगरा आने का न्योता

 

– सिंगापुर में हुआ विश्व नगर शिखर सम्मेलन का समापन

– दुनिया भर के विभिन्न शहरों के मेयर व प्रतिनिधियों ने किया था प्रतिभाग

– शहरों को वैश्विक बनाने और समावेशी विकास को लेकर हुई चर्चा

बाबा न्यूज 

आगरा। सिंगापुर में आयोजित विश्व नगर शिखर सम्मेलन (World Cities Summit 2026) एवं मेयरल फेलोशिप कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर ने सिंगापुर की संस्कृति मंत्री को विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की प्रतिकृति भेंट स्वरूप प्रदान की तथा उन्हें आगरा आने का औपचारिक निमंत्रण दिया।

समापन समारोह का आयोजन मलेशिया के ऐतिहासिक शाही महल में किया गया, जो 1800 ईस्वी में तत्कालीन राजा का महल था। ऐतिहासिक रूप से उस समय सिंगापुर और मलेशिया एक ही देश का हिस्सा थे तथा शासक मलेशिया के राजा थे।

समापन कार्यक्रम की मेजबानी सिंगापुर की संस्कृति मंत्री ने की तथा सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों एवं महापौरों के सम्मान में विशेष दोपहर भोज (लंच) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्व के विभिन्न देशों से आए महापौरों एवं नगर प्रशासकों ने भाग लिया और सुशासन, पारदर्शिता तथा नागरिक-केंद्रित प्रशासन पर अपने विचार साझा किए।

चर्चा के दौरान सभी महापौरों ने इस बात पर बल दिया कि नगर प्रशासन का तंत्र पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह एवं जन-केंद्रित होना चाहिए। यह भी कहा गया कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित कार्यों के प्रति उत्तरदायी हो तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहा कि इस प्रकार के साझा कार्यक्रम विश्व के विभिन्न शहरों के समावेशी विकास के लिए मददगार साबित होंगे। साझा कार्यक्रमों के जरिए चुनौतियां दूर होंगी और शहर विकास और समृद्धि की ओर बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *