Breaking News
बदमाशों की गोली से घायल सिपाही से मिलने पहुंचे अजयराय:बोले-यूपी में कानून व्यवस्था बिगड़ी, ट्रामा सेंटर ने हेल्थ रिपोर्ट में बताया 6 जगह लगी थी चोट

कांग्रेस नेता अजय राय मंगलवार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और मुठभेड़ में गोली लगने से घायल सिपाही अमित शुक्ला से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने वाराणसी में पुलिसकर्मी पर गोली चलने की घटना को प्रदेश की कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल बताया। अजय राय ने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। यहां जब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा? उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर जवाबदेही कब तय होगी? जनता को भाषण और प्रचार नहीं, बल्कि सुरक्षा और जवाब चाहिए। उन्होंने बाबा श्री काशी विश्वनाथ से घायल सिपाही अमित शुक्ला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सिपाही के पेट से ऑपरेशन कर निकाली गई गोली उधर, बीएचयू की ओर से जारी मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, तस्करों के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगने से घायल सिपाही अमित शुक्ला को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। ट्रॉमा सेंटर के इंचार्ज डॉ. अजीत सिंह के निर्देशन में सर्जरी टीम ने ऑपरेशन कर उनके पेट में फंसी गोली निकाल दी। डॉ. एसपी मिश्र के नेतृत्व में डॉ. सुमित शर्मा, डॉ. विवेक कटियार, डॉ. सूरज, डॉ. जेफनी, डॉ. एमलिना, डॉ. गौरव, डॉ. विवेक और डॉ. विश्वजीत की टीम ने सर्जरी की। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. मंजरी मिश्रा ने अपनी निगरानी में चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी कराई। डॉ. एसपी मिश्र ने बताया कि सिपाही के शरीर में कुल छह चोटें आई हैं। पेट में लगी गोली की चोट गंभीर हो सकती थी, इसलिए ऑपरेशन कर उसे निकाल दिया गया। वहीं, हाथ में गोली लगने से हो रहे रक्तस्राव को भी नियंत्रित कर लिया गया है।

सहारनपुर में भाकियू वर्मा ने PM के नाम ज्ञापन सौंपा:गन्ने का भाव 700 रुपये करने की मांग की, पृथक पश्चिम प्रदेश के लिए आंदोलन तेज करने का ऐलान

सहारनपुर में भारतीय किसान यूनियन वर्मा और पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा ने गन्ने का भाव 700 रुपये प्रति कुंतल करने और किसानों का पूरा कर्ज माफ करने की मांग की। मंगलवार दोपहर 2 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचा और अपर आयुक्त रमेश यादव से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें किसानों की समस्याओं के साथ पृथक पश्चिम प्रदेश बनाने की मांग भी उठाई गई। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसानों पर कर्ज बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब बड़े कॉर्पोरेट घरानों के कर्ज माफ हो सकते हैं, तो किसानों के कर्ज भी माफ किए जाने चाहिए। उन्होंने सभी किसानों का कर्ज खत्म करने और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार सी2 लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर फसलों का मूल्य तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों को मिलाकर पृथक पश्चिम प्रदेश बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा। ज्ञापन में सहारनपुर, मेरठ, आगरा और बरेली में एम्स, सहारनपुर में आईआईएम और मेरठ में मिनी सचिवालय व हाईकोर्ट बनाने की मांग भी शामिल थी। भगत सिंह वर्मा ने 58 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों और मजदूरों को हर महीने 10 हजार रुपये पेंशन देने की मांग की। उन्होंने हाईवे और सड़कों से टोल टैक्स खत्म करने, भूमि अधिग्रहण पर बाजार मूल्य से चार गुना मुआवजा देने और आजीवन 10 प्रतिशत लाभ में हिस्सेदारी देने की मांग भी रखी। उन्होंने मनरेगा को खेती से जोड़कर किसानों को मजदूर उपलब्ध कराने की मांग की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गन्ने का भाव तत्काल 700 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने, चीनी मिलें जल्द चालू कराने और पिछले वर्षों का बकाया भुगतान दिलाने की अपील की। भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अशोक मलिक ने कहा कि किसानों की क्रय शक्ति बढ़ने से ही देश आर्थिक रूप से मजबूत होगा। उन्होंने सभी के लिए शिक्षा और चिकित्सा निशुल्क करने तथा विभागों में भ्रष्टाचार समाप्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश बनने से क्षेत्र की आठ करोड़ जनता को निशुल्क शिक्षा और चिकित्सा मिल सकेगी।

इस दौरान डॉ. परविंदर मलिक, रोहित गौतम, सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, मोहम्मद मुकर्रम, चौधरी रामचंद्र गुर्जर, नवीन चौधरी और राहुल त्यागी मौजूद रहे।

मऊ में ब्रह्म गायत्री महायज्ञ संपन्न:5 लाख मंत्रों का सामूहिक जप, पूर्णाहुति के बाद भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

मऊ में मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के कोठिया स्थित ब्रह्मर्षि रामकृष्ण धाम में मंगलवार को पांच दिवसीय ब्रह्म गायत्री महायज्ञ का समापन वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूर्णाहुति के साथ हुआ। पांच लाख ब्रह्म गायत्री मंत्रों के सामूहिक जप की पूर्णता पर दशांश हवन, तर्पण और मार्जन की विधियां संपन्न कराई गईं। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मेले में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। मुख्य आचार्य पंडित सुदामा पांडेय ने ब्रह्मर्षि रामकृष्णजी महाराज के तप, त्याग और लोकसेवा के आदर्शों पर प्रकाश डाला। समापन समारोह में पहुंचे भदीड़ निवासी रामपुर के पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह सिसोदिया ने विद्वान ब्राह्मणों, अतिथियों और आयोजन में सहयोग करने वालों को सम्मानित किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा और उपनिरीक्षक नूर आलम पुलिस बल के साथ तैनात रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

टेंपो से शराब ले जा रहे पति-पत्नी गिरफ्तार:श्रावस्ती में पुलिस ने देशी शराब और 120 बोतल बीयर पकड़ी, शराब बेचते थे

श्रावस्ती के सिरसिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने टेंपो से शराब ले जा रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को शाम 6:00 बजे पुलिस विभाग ने बताया कि टेंपो से 185 पीस देशी शराब और बीयर की 120 बोतलें पकड़ीं गयी है। दरअसल पुलिस के मुताबिक, बॉर्डर क्षेत्र में चौकी प्रभारी राजपुर उपनिरीक्षक रमन कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली। पुलिस ने राजपुर मोड़ तिराहे से तालबघौड़ा जाने वाले रास्ते पर सफेद टेंपो नंबर UP46T 8968 को रोककर तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक टेंपो में पांच पेटी बीयर की 120 बोतलें मिलीं। इसके अलावा देशी तेजस बुलंद शराब के 20 पीस (100 एमएल) और झूम ब्रांड की देशी शराब के 45 पीस (200 एमएल) मिले। पुलिस ने शराब के साथ टेंपो भी अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मोतीपुर कला निवासी राजेंद्र कुमार पुत्र भागीराम और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों शराब बेचने का काम करते थे।वहीं इस मामले में थाना सिरसिया में मुकदमा नंबर 287/2026 दर्ज किया गया है। वहीं आरोपियों पर आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत केस दर्ज कर पुलिस अग्रिम पूछताछ और कार्रवाई में जुटी है।

जमीन विवाद में दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले:कौशांबी में निर्माण गिराने के बाद झगड़ा, 5 लोग हिरासत में

कौशांबी में मंगलवार की शाम लगभग 4 बजे जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट और हंगामे का रूप ले लिया। दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि एक पक्ष की ओर से कई वकील भी मौके पर पहुंचे थे। दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा निर्माण गिराए जाने के बाद विवाद बढ़ गया। पीड़ित पक्ष संगम लाल साहू ने चंद्रशेखर मौर्य और धर्मेंद्र पांडे पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। पूरा मामला सराय अकिल थाना क्षेत्र के पावर हाउस के पास का है। विवादित जमीन पर निर्माण को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलते दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल मामले में मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के लगभग 5 लोगों को मौके से हिरासत में लेकर थाने लाई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।‌वहीं पीड़ित पक्ष के लगभग 3 लोग चोटिल भी है।