Breaking News
विवेचनाओं में लापरवाही पर चंडौस थाने के दरोगा निलंबित:समीक्षा में उठा सवाल, अलीगढ़ एसएसपी ने विभागीय जांच भी बैठाई

एसएसपी नीरज जादौन ने विवेचनाओं में लापरवाही और कर्तव्यपालन में शिथिलता बरतने पर चंडौस थाने में तैनात उपनिरीक्षक आदित्य श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
एसएसपी ने विवेचनाओं की समीक्षा के दौरान कई मुकदमों की जांच में लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की। संबंधित दरोगा पर विवेचना में अपेक्षित गंभीरता और जिम्मेदारी नहीं बरतने का मामला सामने आया था।
एसएसपी ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विवेचनाओं का निस्तारण पूरी गंभीरता और निष्पक्षता से करें। जनहित और कर्तव्यपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पेपर देकर लौट रही छात्रा की कार नाले में फंसी:PET एग्जाम के बाद GIC इंटर कॉलेज के पास हुआ हादसा

फिरोजाबाद से बरेली PET का पेपर देने आई छात्रा की कार सड़क किनारे खुले नाले में जा गिरी। छात्रा अपने भाई के साथ परीक्षा केंद्र से लौट रही थी। दोनों समय रहते कार से उतर गए और सुरक्षित रहे। फिरोजाबाद निवासी रिया पाल अपने भाई रजनेश के साथ बरेली जीआईसी इंटर कॉलेज में PET की परीक्षा देने आई थी। परीक्षा केंद्र पर भीड़ के कारण उन्होंने कार कॉलेज के पास वाली गली में खड़ी की थी। पेपर खत्म होने के बाद लौटते समय यह हादसा हुआ। रिया ने बताया कि गली से कार निकालते समय सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई और कार का पिछला हिस्सा नाले में चला गया। नाले पर स्लैब या सुरक्षा दीवार नहीं थी। कार का एक पहिया नाले में फंस गया और गाड़ी तिरछी होकर लटक गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने कार को बाहर निकालने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बरेली में कई जगह खुले नाले हैं। जीआईसी के पास भी नालों पर ढक्कन और बैरिकेडिंग नहीं है, जबकि यहां हजारों छात्र परीक्षा देने आते हैं। रिया ने बताया कि वह घबरा गई थी, लेकिन भाई रजनेश ने सूझबूझ से काम लिया। उनके मुताबिक, कार थोड़ी और आगे जाती तो पूरी गाड़ी नाले में पलट सकती थी। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से शहर के खुले नालों को ढकने और परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।

सरकारी योजनाओं के लिए नहीं लगाने होंगे विभागों के चक्कर:HBTU में लगा विधिक सेवा शिविर, 37 स्टॉल लगाकर दी जानकारी

कानपुर में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब लोगों को अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। एचबीटीयू के शताब्दी भवन में रविवार को वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर में एक ही छत के नीचे 37 स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं, विधिक अधिकारों और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई। इस शिविर में विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित और सम्मानित भी किया गया। शिविर में समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, ग्राम्य विकास, डूडा, बाल विकास एवं पुष्टाहार समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने पहुंचे लोग जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनमोल पाल ने अलग-अलग विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराया और गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मंच से लाभ प्रदान किया गया। लोगों ने स्टॉलों पर पहुंचकर आवेदन प्रक्रिया और योजनाओं का लाभ लेने से जुड़ी जानकारी हासिल की। पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उद्देश्य अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी रश्मि सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर शिविर का आयोजन किया गया है। इनका उद्देश्य लोगों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अभिनव तिवारी ने कहा कि शिविर में लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। प्राधिकरण का प्रयास है कि जरूरतमंद और पात्र लोगों तक विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचे, ताकि वे इनका लाभ उठा सकें। इन विभागों ने लगाए स्टॉल शिविर में समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, ग्राम्य विकास, डूडा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, पशुपालन, कृषि, स्वास्थ्य, श्रम, परिवहन, पर्यटन, खाद्य एवं रसद, मत्स्य और रेशम विकास समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। इसके अलावा केस्को, बैंक ऑफ बड़ौदा, जिला कारागार, एलिम्को, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पांडु नगर, उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से जुड़े स्टॉलों पर भी लोगों को योजनाओं, स्वरोजगार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश देवकांत शुक्ला, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार शुक्ला, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अतुल कुमार नायक, संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह सहित न्यायिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

खागा में जन जागृति संघ की बैठक:समाज की शिक्षा, एकता, सामाजिक जागरूकता और संवैधानिक अधिकारों पर चर्चा हुई

फतेहपुर में खागा स्थित ओम साईं राम श्रीराम हायर सेकेंडरी स्कूल में पासी जन जागृति संघ की बैठक आयोजित की गई। इसमें समाज की शिक्षा, एकता, सामाजिक जागरूकता और संवैधानिक अधिकारों पर चर्चा हुई। पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस ने कहा कि समाज से अशिक्षा दूर करना जरूरी है। शिक्षित और जागरूक व्यक्ति ही अपने अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ सकता है। मन्नूपासी ने महापुरुषों के संघर्ष और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया। जगतपाल ने समाज की मजबूती के लिए एकजुटता और संगठन को जरूरी बताया। मनोज कुमार ने बच्चों और युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने की बात कही। एडवोकेट धीरेंद्र बहादुर ने संवैधानिक अधिकारों की जानकारी रखने की अपील की। डॉ. हेमेंद्र ने गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। बैठक में राजकरन राजवंशी, इंद्रसेन पासी, राजेश पासी, ऊधम पासी और राजेंद्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हाईवे पर पिकअप की टक्कर से रिटायर्ड होमगार्ड की मौत:सुल्तानपुर में एम्बुलेंस नहीं आने से दो युवकों ने गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया

सुल्तानपुर में लखनऊ-बलिया हाईवे पर रविवार शाम करीब 4 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार रिटायर्ड होमगार्ड की मौत हो गई। हादसे के बाद एम्बुलेंस आने में देरी की आशंका पर दो युवकों ने घायल बुजुर्ग को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के किशुन दासपुर निवासी शिव प्रसाद लाल श्रीवास्तव (75) के रूप में हुई है। साइकिल से निकले थे, पड़ेला में हुआ हादसा शिव प्रसाद लाल श्रीवास्तव, गोविंद लाल श्रीवास्तव के बेटे थे। रविवार को वह घर से साइकिल लेकर निकले थे। घर से करीब साढ़े तीन किलोमीटर दूर पड़ेला में अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दो युवकों ने गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल खोजापुर निवासी पिंटू धुरिया अपने मित्र हर्षित पंडित के साथ सुरापुर से लौट रहे थे। उन्होंने घायल बुजुर्ग को देखा तो एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। पिंटू ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि शिव प्रसाद उनके गांव के पड़ोसी और रिश्ते में नाना लगते थे। हादसा किस वाहन से हुआ, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। पिता का शव देखकर बिलखने लगी बेटी घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की बेटी अस्पताल पहुंची। पिता का शव देखकर वह चीखने लगी। शिव प्रसाद की दो बेटियां रागनी और प्रीति हैं। उनका बेटा हिमांशु दिल्ली में काम करता है। उसकी शादी नहीं हुई है। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन तहरीर दे रहे हैं। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।