Breaking News
रूदौली में बाढ़ पीड़ित 350 परिवारों को राहत किट बांटी:14 चरणों में अब तक 4090 परिवारों को मिली मदद; फसल नुकसान का भी सर्वे

अयोध्या की रूदौली तहसील के तराई क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री बांटी जा रही है। गुरुवार को पस्ता माफी बाढ़ चौकी पर 350 परिवारों को राहत किट दी गईं। विधायक रामचंद्र यादव की मौजूदगी में राहत वितरण का यह 14वां चरण था। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी भी ली। मरौचा माझा, पूरे महगू मजरा सणडरी, पसैया और देवीगंज आंशिक समेत आसपास के गांवों के परिवारों को राहत किट दी गई। किट में आटा, चावल, दाल, नमक, आलू, प्याज, बाल्टी और तिरपाल समेत 26 जरूरी सामान शामिल हैं। 14 चरणों में 4090 परिवारों को राहत विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि 14 चरणों में अब तक 4090 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट दी जा चुकी हैं। राजस्व विभाग की टीमें बाढ़ प्रभावित गांवों में नुकसान का सर्वे कर रही हैं। गन्ने और धान की फसल को हुए नुकसान का भी सर्वे किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि जो किसान सर्वे से छूट गए हैं, वे अपना सर्वे जरूर करा लें। सर्वे के बाद मिलेगा मुआवजा अधिकारियों के मुताबिक, सर्वे पूरा होने के बाद किसानों को नियमानुसार फसल क्षति का मुआवजा दिया जाएगा। पशुपालकों के लिए करीब 800 क्विंटल भूसा भी बांटा जाएगा। राहत वितरण के दौरान तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता समेत राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

रंगदारी केस में एफआईआर लेखक की गवाही पूरी:बोले-होटल कारोबारी सुरेश पाल खुद साइन की तहरीर लेकर आए थे

ढाई करोड़ रुपए रंगदारी मामले में वादी सुरेश पाल के बयान होने के बाद गुरुवार को जिलाजज अनमोल पाल की कोर्ट में एफआईआर लेखक के बयान दर्ज किए गए, इसके साथ ही बचाव पक्ष की ओर से जिरह भी पूरी हो गई। एफआईआर लेखक ने कोर्ट में बयान दर्ज कराते हुए बताया कि- मुकदमे में अगले गवाह के बयान दर्ज कराने के लिए 5 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की गई है। 6 अगस्त 2025 को किदवई नगर थाने में एफआईआर दर्ज करायी थी स्वरुप नगर निवासी होटल कारोबारी सुरेश पाल ने 6 अगस्त 2025 को किदवई नगर थाने में अधिवक्ता अखिलेश दुबे व आयुष मिश्रा उर्फ लवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें आरोप लगाया था कि वर्ष 2022 में अधिवक्ता अखिलेश दुबे और उसके साथी आयुष मिश्रा उर्फ लवी ने उन्हें रेप के फर्जी मुकदमे में फंसाया और मुकदमे से बचाने के लिए ढाई करोड़ रुपए की रंगदारी वसूली। मामले में पुलिस ने अखिलेश और आयुष को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस ने 250 पेज की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की गई थी। इसी मुकदमे की सुनवाई जिलाजज की कोर्ट में चल रही है। जिसमें वादी सुरेश पाल पूर्व में ही अपने बयानों से मुकर गए। उन्होंने बीते मंगलवार को कोर्ट में जिरह के दौरान पूछे गए सवालों पर एसआईटी पर गंभीर आरोप मढ़े थे। कहा था कि– उन पर पुलिस के बड़े अफसरों का भारी दबाव था। वह दिल्ली में इलाज करा रहे थे, अचानक फोन करके कानपुर बुलाया गया। नौबस्ता में दर्ज पॉक्सो के मुकदमे को दोबारा खोलकर उसमें जेल भेजने की धमकी दी गई और पुलिस अफसरों ने सादे कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। अखिलेश दुबे ने उनसे कभी कोई रंगदारी नहीं मांगी, लवी को तो वह जानते भी नहीं है। 5 अक्टूबर को होगी अगली सुनवाई उन्होंने मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी एसआईटी के दवाब में दिए थे। मुकदमे में गुरुवार को एफआईआर लेखक के बयान दर्ज किए गए। कार्यवाहक डीजीसी ओंकारनाथ वर्मा ने बताया कि एफआईआर लेखक ने अपने बयानों में कहा कि सुरेश पाल खुद टाइप की हुई लेकर थाने आए थे, जिसमें उनके हस्ताक्षर थे। थाना प्रभारी के निर्देश पर ही मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद एफआईआर की कॉपी सुरेश पाल को दी गई थी। इसके बाद बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने एफआईआर लेखक से जिरह की। जिसमें उन्होंने कई सवाल पूछे। कार्यवाहक डीजीसी ने बताया कि मामले में अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी, जिसमें तीसरे गवाह के बयान दर्ज कराए जाएंगे।

नालों की सफाई में लापरवाही मिली,नगर आयुक्त ने लिया एक्शन:डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली नेचर ग्रीन पर 10 लाख का जुर्माना लगाया

मथुरा में नगर में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गुरुवार को दोपहर करीब 3 बजे नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने वार्ड 49 डेम्पियर नगर, वार्ड 35 बनखंडी और वार्ड 5 भरतपुर गेट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नालों में गंदगी, कूड़ा जमा मिलने और जीवीपी पॉइंट की सफाई में लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी जताई। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली कार्यदायी संस्था नेचर ग्रीन पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। नगर आयुक्त ने परिक्रमा मार्ग से गुरु नानक नगर, कैलाश नगर और जंक्शन रोड स्थित नालों का निरीक्षण किया। इसके बाद बनखंडी क्षेत्र के भैंस बहोरा नाले का जायजा लिया। उन्होंने जल प्रवाह, जलभराव, ओवरफ्लो और नाला निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। निर्माण में आ रही बाधाओं को लेकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और अधिकारियों को समन्वय बनाकर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। डेम्पियर नगर में पीपल अखाड़ा के पास नाले में गंदगी और चोक होने की स्थिति मिलने पर तत्काल सफाई कराने को कहा। केआर इंटर कॉलेज के बराबर और वाल्मीकि वाटिका के सामने जीवीपी पॉइंट पर भी कूड़ा पड़ा मिला। वहीं भरतपुर गेट क्षेत्र के भैंस बहोरा-सुदामापुरी डलावघर पर भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर नगर आयुक्त ने नेचर ग्रीन के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाई और 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। संस्था के प्रतिनिधि ने बताया कि डलावघर से प्रतिदिन सुबह आठ बजे कूड़ा उठाया जाता है। नगर आयुक्त ने क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार कूड़ा उठान सुनिश्चित करने और नियमित सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नालों की नियमित सफाई और निगरानी करने के साथ जल निकासी की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा। निरीक्षण में पार्षद मनोज कुमार, अपर नगर आयुक्त प्रियंका सिंह, मुख्य अभियंता संजय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देहरादून में अयोध्या के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:कार्यालय के जनरेटर रूम में मिला शव, नवरात्र में होनी थी शादी

अयोध्या के कुमारगंज थाना क्षेत्र के बघौड़ा गांव निवासी 27 वर्षीय लवकुश चौरसिया की उत्तराखंड के देहरादून में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 30 सितंबर की सुबह उनका शव कार्यालय परिसर के जनरेटर रूम में मिला। लवकुश की शादी आगामी नवरात्र में तय होनी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन देहरादून पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर गांव लौट रहे हैं। लवकुश देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सिंधु सेंटर में ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड नाम की इंटरनेट कंपनी में काम करते थे। उनके साथ काम करने वाले हरिद्वार निवासी रोहित राठौर की भी इसी घटना में मौत हुई है। दोनों की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। जनरेटर रूम में मिला था शव जानकारी के मुताबिक, लवकुश पुत्र राम सागर चौरसिया का शव 30 सितंबर की सुबह कार्यालय परिसर के जनरेटर रूम में मिला था। परिजनों के अनुसार, उनके शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं दिखाई दिए। इससे मौत की वजह को लेकर असमंजस बना हुआ है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। नवरात्र में होनी थी शादी लवकुश दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई अंकुश कुमार चौरसिया सूरत में मजदूरी करते हैं। अंकुश ने बताया कि लवकुश की शादी आगामी नवरात्र में तय होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियों को लेकर बातचीत चल रही थी। इस घटना से परिवार सदमे में है। गांव में भी शोक का माहौल है।

बाराबंकी में बीईओ उपेंद्र सिंह का स्वागत:प्राथमिक शिक्षक संघ ने की मुलाकात, शैक्षिक गुणवत्ता और समन्वय पर हुई चर्चा

बाराबंकी के विकासखंड सिरौलीगौसपुर में नवागत खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र सिंह का गुरुवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप तिवारी, मंत्री अनूप कुमार, कोषाध्यक्ष सूरज वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रुद्र प्रताप पांडेय, संयुक्त मंत्री संदीप सिद्धार्थ, उपाध्यक्ष दीपक कुमार, प्रचार मंत्री अमन वर्मा, शिवाकांत लेखाकार, उपाध्यक्ष बेंजिल प्रकाश, अंकित जायसवाल, अंकित तिवारी आदि ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण बेहतर बनाने, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान तथा विभाग और शिक्षक संगठन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा हुई। शिक्षक संघ ने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी। खंड शिक्षा अधिकारी ने आभार व्यक्त करते हुए आपसी सहयोग एवं समन्वय पर बल दिया।