Breaking News
अक्टूबर में तैयार होगा जिले का सबसे बड़ा कान्हा उपवन:28.94 करोड़ से हो रहा निर्माण; 2000 बेसहारा गोवंश को मिलेगा आश्रय

गोरखपुर का सबसे बड़ा कान्हा उपवन अक्टूबर 2026 में बनकर तैयार हो जाएगा। गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में 28 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से इसका निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बन रहे इस कान्हा उपवन में 2000 बेसहारा गोवंशों को आश्रय मिलेगा। जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में छुट्‌टा पशुओं की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। गोसंरक्षण के लिए योगी सरकार में प्रदेश के सभी जनपदों में गोआश्रय स्थलों की व्यवस्था की गई है। जहां बेसहारा गोवंश को ठौर मिला है। इसी क्रम को विस्तार देते हुए गोरखपुर में योगी सरकार एक वृहद कान्हा उपवन बनवा रही है। यह जिले में अबतक का सबसे बड़ा गोसंरक्षण केंद्र होगा। गोरखपुर जिले में 24 गोआश्रय स्थल संचालित हैं। इन गोआश्रय स्थलों में करीब 8800 के लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 9700 गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है। एक बड़े गोआश्रय स्थल की आवश्यकता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर निगम की ओर से गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में कान्हा उपवन बनवाया जा रहा है। इसकी क्षमता 2000 पशुओं की होगी। इस कान्हा उपवन का निर्माण कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश जल निगम (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) की ओर से किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक मनीष चंद के अनुसार निर्माण कार्य 24 अप्रैल 2025 से शुरू हुआ था। निर्माण की अब तक की भौतिक प्रगति 77 प्रतिशत है और सभी कार्य 23 अक्टूबर 2026 तक पूरा कर लेने का लक्ष्य है।

कान्हा उपवन में मिलेंगी ये सुविधाएं इस कान्हा उपवन में काऊ शेड, काफ शेड, बर्थ शेड, कार्यालय भवन, भूसा स्टोर, फीड स्टोर तो होगा ही, गोवंश के नियमित चेकअप और बीमार पशुओं के त्वरित इलाज के लिए परिसर के अंदर ही एक डिस्पेंसरी का निर्माण भी किया जा रहा है। काऊ शेड के सामने छोटे पोखरे का निर्माण कराया जाएगा, ताकि पशुओं को पानी की कमी न हो और उन्हें प्राकृतिक माहौल मिले। कान्हा उपवन उसी परिसर का हिस्सा है जहां पशु चिकित्सा महाविद्यालय भी निर्माणाधीन है। इससे बीमार या घायल पशुओं के इलाज की उच्च स्तरीय व्यवस्था भी सुनिश्चित हो जाएगी। नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा का कहना है कि वर्तमान में महेवा स्थित 500 गोवंश की क्षमता वाले कान्हा उपवन पर दबाव अधिक रहता है। ऐसे में ताल नदोर में नगर निगम की तरफ से एक नए मॉडल के रूप में वृहद कान्हा उपवन का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य की नियमित तौर पर मॉनिटरिंग कराई जा रही है। प्रयास है कि तय समय सीमा अक्टूबर 2026 तक इसे पूर्ण कराकर संचालन योग्य बना दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *