Breaking News
25 हजार का इनामी हत्यारोपी पुणे से अरेस्ट:रिश्तेदार को फोन करने पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस, करंट लगने पर दोस्त को गंगा में फेका था

हत्या के मामले में 2 साल से फरार 25 हजार के इनामी को ग्वालटोली पुलिस ने पुणे से अरेस्ट किया। पिछले दो सालों से आरोपी पुणे में रहकर मजदूरी कर रहा था, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। कुछ समय पहले आरोपी ने अपने रिश्तेदार को फोन किया था, सर्विलांस टीम ने नंबर ट्रेस कर आरोपी को दबोच लिया। ट्रांजिट रिमांड लेकर मंगलवार को आरोपी को कानपुर लेकर पहुंची। अक्टूबर 2024 को ट्रांसफार्मर चोरी करने घर से ले गए थे ग्वालटोली, अहिराना निवासी मंजू देवी ने पुलिस को बताया कि बेटा हिमांशु कबाड़ का काम करता था। 25 अक्टूबर 2024 की रात खाना खाने के बाद वह दुकान पर सोने के लिए कहकर निकला था। घर से उसे चुन्नीगंज निवासी असलम, एफएम कालोनी निवासी शान अली व विशाल अपने साथ ले गए थे। जिसके बाद से हिमांशु लापता था, परिजनों की सूचना पर पुलिस ने दोस्तों को पकड़ कर पूछताछ शुरु की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। आरोपियों ने बताया कि वह गुरुदेव चौराहे के पास ट्रांसफार्मर चोरी करने गए थे। चोरी के दौरान हिमांशु करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह देखकर वह लोग काफी डर गए। इसके बाद उन्होंने शव को एक आटो में लादा और गंगापार शुक्लागंज में ले जाकर गंगा में फेंक दिया था। तीन आरोपी पूर्व में जा चुके हैं जेल पुलिस ने घटना वाले दिन के सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज निकाला है, जिसमें युवक शव को आटो में लादकर ले जाते दिखाई पड़ रहे हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों को मौके पर ले जाकर जांच पड़ताल की गई, लेकिन शव नहीं मिला। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था, जबकि ग्वालटोली निवासी 24 वर्षीय रवि फरार चल रहा था। 2 साल से फरार था आरोपी एडीसीपी सेंट्रल डॉ अर्चना सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी रवि पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी की लोकेशन पुणे के कारेगांव थाना राजनगांव में मिली थी, जहां वह करीब 2 सालों से रहकर इलेक्ट्रिकल कंपनी में मजदूरी कर रहा था। एक अगस्त को पुलिस ने आरोपी को पुणे से अरेस्ट किया था। कोर्ट में पेश करने के बाद मंगलवार को पुलिस आरोपी को कानपुर लेकर पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *