500 पुलिसकर्मी, 2 कंपनी पीएसी तैनात:जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए मतदान स्थल छावनी में तब्दील, सुबह 7 बजे से वोटिंग
प्रयागराज में सात अगस्त को होने जा रहे जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव के लिए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा के लिए 500 पुलिसकर्मियों के साथ दो कंपनी पीएसी तैनात की गई है। एक आईपीएस समेत चार राजपत्रित अफसरों की भी ड्यूटी लगाई गई है। वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू होगी और अधिवक्ता शाम पांच बजे तक मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। चुनाव अधिकारी गिरीश तिवारी के अनुसार, मतदान खत्म होने के बाद बैलेट बॉक्स कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार में रखवाए जाएंगे। जहां 8 अगस्त की सुबह आठ बजे से वोटों की गणना होगी। उन्होंने बताया कि चुनाव संबंधी तैयारी पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान कराया जाएगा। 6953 मतदाता, 130 प्रत्याशी जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में कुल 6953 मतदाता 130 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान स्थल हर वर्ष की तरह इस बार भी जिला जज कोर्ट के पुराने परिसर में बनाया गया है।
मतदाताओं का प्रवेश पुराने जिला जज कोर्ट के मुख्य द्वार से होगा, जबकि निकास नजारत की ओर से रखा गया है। मतदान के लिए कुल तीन प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जिनमें से एक प्रवेश द्वार बुजुर्ग और महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित रहेगा। बिना सीओपी कार्ड वोटिंग की अनुमति नहीं
चुनाव अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान प्रत्येक मतदाता को बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा जारी सीओपी (Certificate of Practice) कार्ड या सीओपी प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। बिना सीओपी कार्ड अथवा प्रमाण-पत्र के किसी भी अधिवक्ता को मतदान की अनुमति नहीं दी जाएगी। मतदाता पर्ची के लिए 10 काउंटर बनाए गए
मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए संघ कार्यालय से मतदाता पर्चियों का वितरण किया जा रहा है। गुरुवार को भी सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक संघ कार्यालय से मतदाता पर्चियां उपलब्ध कराई गईं।
इसके अलावा मतदान वाले दिन भी मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कंप्यूटरीकृत मतदाता पर्ची वितरण के 10 काउंटर बनाए जाएंगे, जहां से अधिवक्ता अपनी पर्ची प्राप्त कर सकेंगे। CCTV कैमरे लगवाए गए, वीडियो रिकॉर्डिंग भी होगी
चुनाच अधिकारी गिरीश तिवारी बताया कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए पूरे मतदान स्थल को सीसीटीवी कैमरों से आच्छादित कराया गया है। मतदान केंद्र पर होने वाली प्रत्येक गतिविधि की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार के विवाद या शिकायत की स्थिति में रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।

