चंदौली में जन-चौपाल में विधायक ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं:5 विकास कार्यों का किया लोकार्पण, अधिकारियों को समस्याओं के जल्द समाधान के दिए निर्देश
चंदौली के महेशी गांव में शुक्रवार शाम जन चौपाल और लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विधायक सुशील सिंह ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से समस्याओं की जानकारी लेते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए। जन चौपाल के बाद विधायक ने क्षेत्र पंचायत की ओर से महेशी गांव में कराए गए पांच विकास कार्यों का लोकार्पण किया। सड़क, आवास और पेंशन की समस्याएं बताईं जन चौपाल में खाद्य एवं रसद, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पंचायती राज, बिजली, मिशन बाल विकास, कृषि और मिशन शक्ति समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विधायक के सामने सड़क, आवास, पेंशन, राशन, कृषि समेत अन्य समस्याएं रखीं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं की जानकारी ली और उनके जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी कराया गया। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर विधायक सुशील सिंह ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर और बेहतर तरीके से समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। वह जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। पांच विकास कार्यों का लोकार्पण जन चौपाल के बाद विधायक ने महेशी गांव में क्षेत्र पंचायत की ओर से कराए गए पांच विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान ग्रामीणों में खुशी दिखाई दी। ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया, जिस पर उन्होंने सभी का आभार जताया। विधायक ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी लगातार प्रयास करने की बात कही। कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख अजय सिंह, प्रदीप सिंह, घनश्याम मिश्रा, धरणीधर मिश्रा, हीरामन कनौजिया, रामजन्म गोंड, राजेश सिंह, राजू गुप्ता, डॉ. नंद कुमार मौर्य और सुधीर कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

