Breaking News
बुलंदशहर की पॉटरी में डीजल टैंक में लगी आग:वेल्डिंग की चिंगारी से भड़की आग, काले धुएं से मचा हड़कंप

बुलंदशहर में खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में जंक्शन रोड स्थित CJI पॉटरी में रविवार शाम 4 बजे डीजल टैंक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और टैंक आग के गोले में बदल गया। आसमान में काले धुएं का गुबार उठने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के समय पॉटरी परिसर में वेल्डिंग का काम चल रहा था। वेल्डिंग के दौरान टैंक तक पहुंची चिंगारी जानकारी के मुताबिक, डीजल टैंक के पास वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग से निकली चिंगारी डीजल टैंक तक पहुंच गई। इसके बाद टैंक में आग लग गई। आग तेजी से फैलने पर पॉटरी में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग की लपटें और काला धुआं दूर से दिखाई देने लगा। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। डीजल टैंक में आग होने के कारण इसे नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे की मेहनत के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझाए जाने से बड़ा हादसा होने से बच गया। सीओ बोले- समय रहते आग पर काबू पाया सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि जंक्शन रोड स्थित CJI पॉटरी में वेल्डिंग के दौरान डीजल टैंक में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *