Breaking News
महिला महाविद्यालय में कार्यशाला:छात्राओं को बायोटेक्नोलॉजी की तकनीकें सिखाई गईं

गोरखपुर के आर्य नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर महिला महाविद्यालय में शनिवार को बोटैनिकल एसोसिएशन (वनस्पति विज्ञान विभाग) की ओर से आयोजित दो दिवसीय ट्रेनिंग वर्कशॉप का समापन हो गया। ‘मॉलिक्यूलर टूल्स एंड टेक्निक्स’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला के दूसरे और अंतिम दिन छात्राओं को बायोटेक्नोलॉजी से जुड़ी कई आधुनिक तकनीकों की बारीकियां सिखाई गईं। कार्यशाला के दूसरे दिन मुख्य वक्ता के रूप में दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी विभाग की डॉ. ऐमन तनवीर और उनकी सहयोगी सिमरन कोहली मौजूद रहीं। उन्होंने छात्राओं को डीएनए की जांच के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एक्सपर्ट्स ने ‘जेल इलेक्ट्रोफोरेसिस’ के जरिए डीएनए का क्वालिटेटिव एस्टीमेशन (गुणवत्ता जांच) और ‘स्पेक्ट्रोफोटोमीटर’ के जरिए क्वांटिटेटिव एस्टीमेशन (मात्रात्मक जांच) की तकनीक सिखाई। इस दौरान छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ ट्रेनिंग में हिस्सा लिया और अपने सवाल भी पूछे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मधुलिका मिश्रा ने मुख्य अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया और उनके योगदान की सराहना की। इस दो दिवसीय वर्कशॉप को सफल बनाने में डॉ. मधुलिका मिश्रा, डॉ. पूनम श्रीवास्तव, डॉ. दीप्ति श्रीवास्तव, डॉ. रिचा श्रीवास्तव और डॉ. सृष्टि श्रीवास्तव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

गोरखपुर में जनसभा की तैयारियों पर हुई समीक्षा:नेहरू इंटर कॉलेज के सामने प्रस्तावित सभा में जुटेंगे भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक नवंबर को गोड़धोइया नाला परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर बिछिया स्थित नेहरू इंटर कॉलेज के सामने विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जनसभा की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। महानगर महामंत्री अच्युतानंद शाही ने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने जनसभा में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने और व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर जोर दिया। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का वितरण किया गया। इस दौरान मनोज अग्रहरि, संतोष शुक्ला, दयानंद शर्मा, प्रेमनाथ शुक्ला, आनंद अग्रहरि, प्रशांत विश्वकर्मा, शिशिर वर्मा, प्रदीप सिंह, प्राण तिवारी, विकास शर्मा और मनोज निषाद सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सीतापुर में मतदाता अधिकारों की सुरक्षा पर चर्चा:आईपीएफ अध्यक्ष ने कहा पात्र नागरिकों को मतदान से वंचित नहीं किया जाए

सीतापुर में बारिश के कारण मिश्रिख में प्रस्तावित रैली आयोजित नहीं हो सकी। इसके बाद इंडियन पीपुल्स फ्रंट (आईपीएफ) ने सीतापुर के एक निजी होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें मतदाता अधिकारों की सुरक्षा, चुनाव सुधार, किसानों की समस्याओं, छोटे व्यापारियों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़े मुद्दे उठाए गए। आईपीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. शेखर दीक्षित ने कहा कि पात्र नागरिकों के मतदान अधिकारों की रक्षा केवल चुनाव से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण सवाल है। उन्होंने दावा किया कि दो करोड़ से अधिक लोगों के वोट काटे गए हैं। साथ ही एसआईआर प्रक्रिया में 13 करोड़ लोगों के नाम काटे जाने की बात कही। दीक्षित ने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को प्रशासनिक या तकनीकी त्रुटि के कारण मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची में पारदर्शिता और चुनाव सुधार की जरूरत पर भी जोर दिया।

सुल्तानपुर में स्कूल की लिफ्ट टूटने से छह लोग घायल:जनगणना की ट्रेनिंग के बाद निकल रहे थे; दो लोगों के फ्रैक्चर, अस्पताल में भर्ती

सुल्तानपुर शहर के जीडी गोयनका स्कूल की लिफ्ट टूटने से शनिवार शाम 5 बजे के आसपास करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें दो लोगों को फ्रैक्चर हुआ है।
घायल जनगणना के दूसरे चरण की ट्रेनिंग के बाद स्कूल से निकलने के लिए लिफ्ट में सवार हुए थे। इसी दौरान लिफ्ट टूट गई।
घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज और एक निजी अस्पताल ले जाया गया। यह स्कूल सपा नेता विनीत तिवारी का बताया जा रहा है।
खबर लगातार अपडेट की जा रही है….

लखनऊ में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया:प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों को पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान से परिचित कराया

लखनऊ में ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग की ओर से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना विकसित करने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम विभागाध्यक्ष एवं सामाजिक विज्ञान संकाय की डीन डॉ. पूनम चौधरी के मार्गदर्शन में हुआ। इसका संयोजन डॉ. चेतना शर्मा, डॉ. आदेश पटेल और डॉ. प्रिया देवी ने किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सरदार पटेल के राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में योगदान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर डॉ. कृष्ण मुकुंद, डॉ. राजकुमार और डॉ. विपिन कुमार सिंह उपस्थित रहे। मंच संचालन एमए की छात्रा निशा सादमा ने किया।