पेपर देकर लौट रही छात्रा की कार नाले में फंसी:PET एग्जाम के बाद GIC इंटर कॉलेज के पास हुआ हादसा
फिरोजाबाद से बरेली PET का पेपर देने आई छात्रा की कार सड़क किनारे खुले नाले में जा गिरी। छात्रा अपने भाई के साथ परीक्षा केंद्र से लौट रही थी। दोनों समय रहते कार से उतर गए और सुरक्षित रहे। फिरोजाबाद निवासी रिया पाल अपने भाई रजनेश के साथ बरेली जीआईसी इंटर कॉलेज में PET की परीक्षा देने आई थी। परीक्षा केंद्र पर भीड़ के कारण उन्होंने कार कॉलेज के पास वाली गली में खड़ी की थी। पेपर खत्म होने के बाद लौटते समय यह हादसा हुआ। रिया ने बताया कि गली से कार निकालते समय सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई और कार का पिछला हिस्सा नाले में चला गया। नाले पर स्लैब या सुरक्षा दीवार नहीं थी। कार का एक पहिया नाले में फंस गया और गाड़ी तिरछी होकर लटक गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने कार को बाहर निकालने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बरेली में कई जगह खुले नाले हैं। जीआईसी के पास भी नालों पर ढक्कन और बैरिकेडिंग नहीं है, जबकि यहां हजारों छात्र परीक्षा देने आते हैं। रिया ने बताया कि वह घबरा गई थी, लेकिन भाई रजनेश ने सूझबूझ से काम लिया। उनके मुताबिक, कार थोड़ी और आगे जाती तो पूरी गाड़ी नाले में पलट सकती थी। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से शहर के खुले नालों को ढकने और परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।

