नीट पेपर लीक, मथुरा बीएसए कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन:एनएसयूआई ने शिक्षा मंत्री का पुतला फूंकने का किया प्रयास, पुलिस ने छीना

मथुरा के बीएसए कॉलेज परिसर के बाहर शुक्रवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पुतला छीना झपटी हल्की झड़प भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देश की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में विफल रही है। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार केवल बयानबाजी कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में सुधार, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए मजबूत तंत्र लागू करने की मांग की। एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। पुतला दहन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों में हल्की नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और कोई बड़ी घटना नहीं हुई। एनएसयूआई नेताओं ने दोहराया कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त सजा दिलाने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *