चकरपुर मंडी में आग के बाद मुआवजे की मांग तेज:सांसद देवेंद्र सिंह भोले पहुंचे मंडी, व्यापारियों ने कहा- पक्की और आग से बचाव की बनें दुकानें

कानपुर की चकरपुर मंडी परिसर का सब्जी खंड शुक्रवार को तबाही के मंजर में बदल गया। शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने चबूतरा संख्या-6 की 44 दुकानों को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया। इस हादसे में आढ़तियों की जमा-पूंजी खाक हो गई, वहीं वहां काम करने वाले दर्जनों पल्लेदारों और मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया। घटना के बाद पीड़ित व्यापारियों के समर्थन में स्थानीय सांसद और व्यापार प्रतिनिधिमंडल मैदान में उतर आया। सांसद ने पीड़ितों से मिलकर बंधाया ढांढस हादसे की जानकारी मिलते ही सांसद देवेंद्र सिंह भोले चकरपुर मंडी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित व्यापारियों और मजदूरों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया। सांसद ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन के स्तर पर मुआवजा और पुनर्वास की प्रक्रिया को तेज कराया जाएगा। मजदूरों के लिए भोजन की व्यवस्था भारतीय कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र और चकरपुर हरी सब्जी आढ़ती व्यापार मंडल के अध्यक्ष सौरभ पांडेय के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने प्रभावित व्यापारियों और मजदूरों से मुलाकात की। संगठन की ओर से मजदूरों के लिए तत्काल भोजन की व्यवस्था भी कराई गई। व्यापारियों ने कहा कि जब तक दुकानें दोबारा नहीं बनतीं, तब तक प्रभावित परिवारों के सामने भुखमरी का संकट बना रहेगा। मंडी सचिव को सौंपा ज्ञापन व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने नौबस्ता मंडी के व्यापारियों के साथ मंडी समिति सचिव विजिन बलियान से मुलाकात कर मुआवजे और पुनर्निर्माण की मांग उठाई। व्यापारियों ने कहा कि दुकानें अब पक्की और अग्निरोधक बनाई जाएं और मंडी परिसर में स्थायी रूप से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों की तैनाती की जाए। प्रशासन बोला- 2 लाख तक मुआवजे का प्रावधान मंडी सचिव विजिन बलियान ने बताया कि नियमों के अनुसार अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों को अधिकतम 2 लाख रुपए तक मुआवजा देने का प्रावधान है और इसे जल्द दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पक्की दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव लखनऊ स्थित राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद को भेजा जाएगा। साथ ही मंडी परिसर में फायर ब्रिगेड की स्थायी तैनाती के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *