डिंपल यादव का भाजपा सरकार पर निशाना:बोलीं- सरकार के बड़े सम्मेलन से दिल्ली में जाम लगता है, स्कूल-कॉलेज बंद करने पड़ते हैं
सपा सांसद डिंपल यादव शनिवार को मैनपुरी पहुंची। इस दौरान उन्होंने BRICS समिट, सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले, राहुल गांधी पर पीएम की टिप्पणी और आजम खान के मुकदमों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। बसपा सुप्रीमो मायावती के अखिलेश यादव के नीले अंगोछे वाले बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। डिंपल यादव ने कहा- सरकार लगातार बड़े सम्मेलन आयोजित कर रही है। इन आयोजनों के दौरान दिल्ली में जाम और दूसरी समस्याएं होती हैं। स्कूल-कॉलेज तक बंद करने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसे बड़े सम्मेलनों से देश और आम जनता को क्या फायदा हुआ। उनका कहना था कि पहले भी इस तरह के सम्मेलन हो चुके हैं। ऐसे में उनके परिणाम जनता के सामने रखे जाने चाहिए। सहारनपुर मस्जिद मामले को चुनाव से जोड़ा सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले में हाईकोर्ट द्वारा सरकार से जवाब मांगने और वसूली के आदेश पर रोक लगाए जाने के सवाल पर डिंपल ने इसे चुनाव से जोड़कर देखा। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में चुनाव नजदीक हैं। इसी वजह से सरकार इस तरह की कार्रवाई कर रही है। डिंपल ने कहा कि सत्ता बदलने के बाद गलत तरीके से दर्ज किए गए मामलों की जांच कराई जाएगी। गलत मुकदमे वापस लिए जाएंगे। आजम खान के मुकदमों पर बोलीं आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों को लेकर डिंपल यादव ने कहा कि जिन लोगों पर गलत मुकदमे लगाए गए हैं, उनकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवार से जुड़े मामलों में भी न्याय की उम्मीद है। राहुल गांधी पर टिप्पणी को लेकर भाजपा पर निशाना प्रधानमंत्री की ओर से राहुल गांधी को लेकर की गई टिप्पणी पर डिंपल यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रही है। डिंपल ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि सड़क और एक्सप्रेसवे समेत विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के मामले सामने आते रहे हैं। मायावती के नीले अंगोछे वाले बयान पर दिया जवाब अखिलेश यादव के नीले अंगोछे को लेकर मायावती के बयान पर डिंपल ने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA की बात करती है। इसमें पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज शामिल है। उन्होंने कहा कि यह रंग की राजनीति नहीं है। यह युवाओं, महिलाओं और उनके भविष्य की लड़ाई है। AI जनरेटेड वीडियो को लेकर भी बोलीं डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों की ओर से AI जनरेटेड वीडियो भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की चीजें राजनीतिक मानसिकता को दर्शाती हैं।

