वाराणसी में सीवर लाइन में मिली बालू की बोरियां, FIR:शिवाला की गली का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल, जांच में साजिश की आशंका
वाराणसी के शिवाला वार्ड के अग्रवाल रेडियो के पास कूड़ाघर रत्नाकर पार्क के समीप स्थित गली के जलभराव की वीडियो 10 सितंबर की रात वायरल हुआ था। इससे नगर निगम में हड़कंप मच गया था और शुक्रवार सुबह से यहां जलकल और नगर निगम की टीम ने कार्य शुरू किया था। नगर निगम के अनुसार इस गली के मेन सीवर लाइन मुहाने पर बालू की बोरी डालकर उसे बंद कर दिया गया था। जो कर्मियों ने निकाली और लाइन चालू किया। ऐसे में यह षणयंत्र करने वाले और बनारस की छवि धूमिल करने वाले पर FIR दर्ज कराई गई है। यह FIR अधिशासी अभियंता (जोन-2), जलकल विभाग ने दर्ज कराई है। इसके बाद महापौर और नगर आयुक्त ने शनिवार को पार्षदों व अधिकारियों के साथ शिवाला वार्ड में अग्रवाल रेडियों के समीप मौका मुआयना किया। कई जगह सीवर लाइन में डाली गयी सामाग्री नगर आयुक्त के अनुसार काशी की छवि को योजनाबद्ध तरीके से धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। सीवर लाइनों की सफाई के दौरान शिवाला, सरायनंदन, नगवा समेत आधा दर्जन वार्डों में मुख्य सीवर लाइनों के भीतर बालू की बोरियां, लकड़ी का बुरादा, पत्थर, प्लाई और प्लास्टिक की सामग्री ठूंसी हुई मिली है। प्रथम दृष्टया यह किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा प्रतीत हो रहा है। मुख्य मार्ग की सीवर लाइन जाम होने के कारण सहायक गलियों में सीवर का पानी ओवरफ्लो करने लगा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ और जलभराव का दृश्य बना। नगर निगम प्रशासन ने इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ एफआईआर (प्राथमिकी) दर्ज कराने हेतु पुलिस को लिखित तहरीर सौंप दी है। शिवाला में निकली 12 बालू की बोरियां नगर आयुक्त ने बताया – वाराणसी में दर्जनों जलभराव वाले प्वाइंट्स को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। और निचले इलाकों से पानी पंपों के जरिए लगातार निकाला जा रहा है। महापौर ने बताया कि शुक्रवार की रात शिवाला क्षेत्र में सीवर लाइन सफाई के दौरान करीब 12 बोरी बालू निकाली गई। सीवर लाइन में इस प्रकार बालू भरी बोरियां मिलना सीधे तौर पर साजिश की ओर इशारा करता है, जो गहन जांच व विवेचना का विषय है। निगम प्रशासन क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है ताकि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके। जलकल विभाग ने कराई FIR अधिशासी अभियंता (जोन-2), जलकल विभाग ने इस प्रकरण में अज्ञात लोगों के खिलाफ भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तहरीर दी है है। तहरीर में शिवाला वार्ड संख्या-75 के अंतर्गत कूड़ा घर रत्नाकर पार्क के पास अग्रवाल रेडियों के निकट जलभराव समस्या के निस्तारण हेतु मुख्य सीवर लाइन सफाई के दौरान अत्यधिक मात्रा में बालू से भरे बोरे पाए गए। इसमें स्पष्ट उल्लेख है कि अज्ञात लोगों द्वारा मुख्य सीवर लाइन को चोक कर जलकल विभाग एवं शहर की छवि धूमिल करने की नीयत से यह साजिश रची गई है।

