Breaking News
जालौन में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान:12 प्रमुख कार्यक्रम होंगे, डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की

जालौन जिलाधिकारी समीर ने शनिवार शाम विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिले के सभी जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं और आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। डीएम ने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और इनमें अधिक से अधिक जनभागीदारी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान योजनाओं के लाभार्थियों और जिले की उपलब्धियों को प्रमाणिक रूप से आमजन के सामने लाया जाए। अभियान का उद्देश्य 25 वर्षों की जनसेवा की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है। दीप प्रज्वलन से रक्तदान तक होंगे कार्यक्रम डीएम ने बताया कि अभियान के तहत 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके लिए त्रिस्तरीय समन्वय व्यवस्था, साप्ताहिक समीक्षा, डेटा संकलन और डिजिटलाइजेशन पर विशेष जोर रहेगा। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे दीप प्रज्वलन, रक्तदान और दिव्यांगजन कल्याण कार्यक्रम होंगे। ‘मेरे सपनों का भारत’ में कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता कराई जाएगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में डिबेट और प्रदर्शनी भी आयोजित होगी। गांव-गांव नुक्कड़ नाटक, आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत 18 से 20 कलाकारों की टोलियां गांव-गांव पहुंचकर नुक्कड़ नाटकों के जरिए सेवा और विकास की कहानी लोगों तक पहुंचाएंगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे। इनमें कार्यकत्रियों, आशा दीदियों और उत्कृष्ट माताओं का सम्मान, स्वस्थ बेबी प्रतियोगिता और पोषण सामग्री का वितरण किया जाएगा। ‘सेवा की कहानी’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलावों पर 60 सेकंड की रील तैयार की जाएंगी। डिजिटल इन्फ्लुएंसर को परिवर्तनकारी परियोजनाओं का भ्रमण भी कराया जाएगा। 25 सेवा गतिविधियों में जुटेगी जनता ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के जरिए जल, जन और सेवा का संवाद स्थापित किया जाएगा। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 25 सेवा गतिविधियों में जनभागीदारी कराई जाएगी। इनमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, शिक्षा, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, पोषण, वोकल फॉर लोकल और गौशाला सेवा शामिल हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थलों का कायाकल्प कराने के साथ 25 मिनट श्रमदान का भी प्रावधान रखा गया है। भारत मंडल से इनोवेशन चैलेंज तक ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में भारत मंडल और मानव रंगोली बनाई जाएगी। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के जरिए युवाओं, विद्यार्थियों और स्टार्टअप को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने की योजना है। ‘सुशासन सेवा संवाद’ में जनप्रतिनिधियों द्वारा लोगों को विकसित भारत-2047 का संकल्प दिलाने के साथ वंदे मातरम् गायन प्रस्तावित है। अभियान के दौरान प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो और तीर्थस्थलों पर महायज्ञ व विशेष अनुष्ठान भी आयोजित किए जाएंगे। 25 सितंबर को पुस्तकालयों का लोकार्पण 25 सितंबर को पुस्तकालयों का लोकार्पण और ग्राम चौपालों के माध्यम से जनता से सीधा संवाद किया जाएगा। इसके अलावा जिले के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों, अवस्थापना व कनेक्टिविटी परियोजनाओं, शिक्षा एवं कौशल, स्वास्थ्य एवं खेल, पंचायती राज एवं सुशासन तथा ओडीओपी और स्थानीय उद्यमियों की सफलता की कहानियों का डेटा-बैंक तैयार किया जाएगा। मीडिया प्रचार की भी बनाई जाएगी कार्ययोजना डीएम ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को अभियान की मीडिया कवरेज, सफलता की कहानियों और रील्स का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रिंट मीडिया से समन्वय, उपलब्धियों पर लेख व साक्षात्कार, सोशल मीडिया की कार्ययोजना और इन्फ्लुएंसर प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से अभियान को जनभागीदारी और सेवा भावना का व्यापक स्वरूप देने के निर्देश दिए, ताकि सेवा, सुशासन और विकास का संदेश जिले के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *