Breaking News
किसानों की शिकायतों पर डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश:किसान दिवस में अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण और मौके पर जांच के निर्देश

गाजियाबाद के विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित हुआ। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। इस किसान दिवस में करीब 120 किसानों ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने बताईं। बैठक की शुरुआत पिछले किसान दिवस में मिली शिकायतों की कार्रवाई रिपोर्ट से हुई। उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह ने अधिकारियों की ओर से की गई कार्रवाई का ब्योरा किसानों को दिया। कुछ शिकायतों के समाधान पर किसानों ने संतुष्टि जताई, जबकि कई मामलों में जरूरी कार्रवाई नहीं होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द समस्या दूर करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समय पर निपटारा किया जाए। भोजपुर ब्लॉक के कलछीना गांव के नाले में सिंचाई के लिए पानी नहीं पहुंचने की शिकायत पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तीन दिन के भीतर मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। वहीं मोदीनगर सब्जी मंडी में खराब पानी की टंकियों की वजह से लोगों को पीने का पानी नहीं मिलने की शिकायत पर मंडी समिति सचिव को दो दिन में व्यवस्था ठीक कराने के निर्देश दिए गए। रजापुर ब्लॉक के दौसा बंजारपुर गांव में मिट्टी खनन की शिकायत पर जिला खनन अधिकारी को शिकायतकर्ता से संपर्क कर तत्काल जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। लोनी क्षेत्र में फरूखनगर से सिरौरा तक जाने वाले खराब रास्ते की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में किसानों ने पशुओं में फैलने वाली गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाने की मांग भी की। इस पर जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि किसान दिवस में मिली हर शिकायत की तथ्यात्मक रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर शिकायतकर्ता और उप कृषि निदेशक कार्यालय को दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *