Breaking News
पीएम से कल मिलेंगी लखनऊ की छात्रा संजना:एशियन पैरा गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर मिला बुलावा, शकुंतला विश्वविद्यालय में MBA की कर रही पढ़ाई

लखनऊ के डॉ.शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की छात्रा संजना कुमारी गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी। एशियन पैरा गेम्स में मेडल जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को प्रधानमंत्री ने दिल्ली बुलाया है। संजना बुधवार को दिल्ली पहुंच गईं। प्रधानमंत्री से मिलने को लेकर वह काफी उत्साहित हैं। 18 से 24 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन पैरा गेम्स में संजना ने बैडमिंटन की महिला एकल एसएल-3 स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही उनका मेडल पक्का हो गया था। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य संजय सिंह ने उन्हें बधाई दी। बोलीं- समझ नहीं आ रहा, पीएम से मिलकर क्या होगा दिल्ली पहुंचने पर संजना ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मैं बहुत उत्साहित हूं। मन में उल्लास है। एक तरफ समझ नहीं आ रहा कि प्रधानमंत्री से मिलना है, वहां क्या होगा। यह मेरे लिए बहुत खास पल है।” झारखंड के लोहरदगा की रहने वाली संजना पुनर्वास विश्वविद्यालय में MBA की छात्रा हैं। वह इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ा चुकी हैं। वर्ष 2021 में बहरीन में आयोजित एशियन यूथ पैरा गेम्स में उन्होंने महिला एकल, महिला युगल और मिक्स्ड डबल्स स्पर्धाओं में तीन गोल्ड मेडल जीते थे। खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर दे रहा विश्वविद्यालय कुलपति प्रो.संजय सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल में भी आगे बढ़ने के अवसर दे रहा है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अभ्यास और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। संजना की उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता दूसरे विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *