पानी के लिए आगरा नगर निगम के गेट पर हंगामा:मोहनपुरा में पानी आपूर्ति न होने से लोग परेशान, प्रदर्शन कर जताया विरोध
आगरा के मोहनपुर वार्ड में पानी की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने गुरुवार को नगर निगम के अंदर जमकर हंगामा काटा। पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नगर निगम का गेट बंद किया तो प्रदर्शनकारी गेट पर एकत्रित हो गए। उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बताया जा रहा है वार्ड 24 मोहनपुरा में पिछले 3 साल से पानी की समस्या बनी हुई है। क्षेत्र में पुरानी पानी की पाइप लाइन है, जिसमें प्रेशर नहीं आता। इसकी वजह से क्षेत्र के 90% घरों में पानी नहीं पहुंच पाता। इस क्षेत्र में नई पानी की पाइप लाइन पड़नी है। इसको लेकर क्षेत्रीय पार्षद हर्षित शर्मा ने कुछ महीने पहले नगर निगम में शिकायत भी दर्ज कराई थी। मगर, उनकी शिकायत पर किसी ने अमल नहीं किया। इससे क्षेत्रीय लोगों का धैर्य जवाब दे गया। गर्मी में पानी की समस्या और विकराल हो गई है।
क्षेत्र के महिला और पुरुष गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। यहां उन्होंने पानी देने की मांग उठाई। वे धरने पर बैठ गए। इस बीच नगर निगम के कर्मचारियों ने चैनल कार्यालय का चैनल बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों को अंदर नहीं आने दिया। इससे प्रदर्शनकारियों का गुस्सा और भड़क गया। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वे धरने पर बैठ गए। काफी देर तक प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। बाद में मौके पर पहुंचे नगर निगम के अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना खत्म हुआ।
बाद में नगर निगम सदन के बजट अधिवेशन के दौरान मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने बताया, मोहनपुरा में पानी की पाइल लाइन डलनी है। इसके लिए रेलवे की लाइन की पार करनी होगी। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

