Breaking News
कन्नौज में जेसीबी पलटने से युवक की मौत:तालाब की सफाई के दौरान हादसा, ड्राइवर फरार

कन्नौज के इन्दरगढ़ थाना क्षेत्र के सहियापुर गांव में रविवार को एक जेसीबी मशीन पलट गई। इस हादसे में मशीन के नीचे दबकर 26 वर्षीय युवक कुलदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, जबकि जेसीबी का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। यह घटना रविवार दोपहर बाद करीब 4 बजे की है। सहियापुर गांव में एक तालाब की सफाई का काम जेसीबी मशीन से कराया जा रहा था। इसी दौरान तालाब की सफाई करते समय जेसीबी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त सहियापुर निवासी कुलदीप कुमार (26) पुत्र श्रीनारायण जेसीबी के पास मौजूद था और मशीन के नीचे दब गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने इन्दरगढ़ थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और कुलदीप को जेसीबी के नीचे से बाहर निकलवाया। गंभीर हालत में कुलदीप को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद जेसीबी का ड्राइवर मशीन छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने कुलदीप के शव का पंचनामा कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस फरार जेसीबी ड्राइवर की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *