Breaking News
देश की आर्थिक तरक्की के मौन शिल्पकार हैं सीए

 

स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरुस्कृत कर हुआ सीए माह का समापन

द इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की आगरा शाखा ने मनाया 78वां सीए स्थापना दिवस

बाबा न्यूज 

आगरा। चार्टर्ड एकाउंटेंट्स देश की आर्थिक विश्वसनीयता, पारदर्शिता और जवाबदेही की आधारशिला है। भारत की अर्थव्यवस्था जितनी तेजी से आगे बढ़ रही है। व्यापार, उद्योग से लेकर प्रशासन तक में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स आज मुख्य नेतृत्वकर्ता की भूमिका में हैं। सही मायने में सीए भारत की आर्थिक तरक्की के मौन शिल्पकार हैं। ये कहना था 78वें सीए स्थापना दिवस के अवसर पर द इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की आगरा शाखा के सीए माह के समापन समारोह में जीएसटी ट्राइब्यूनल के न्यायाधीश अजीत सिंह का। बुधवार को आईसीएआई ने सीए स्थापना दिवस फतेहाबाद रोड स्थित सिग्नेचर रिसोर्ट में धूमधाम से मनाया गया।

*अध्यक्ष सीए सौरभ नारायण सक्सेना* ने कहा कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) का देशव्यापी कार्यान्वयन हो या फिर डिजिटल टैक्स प्रशासन, इन सभी सुधारों को धरातल पर सफल बनाने में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ने सरकार और उद्योग जगत के बीच एक प्रभावी सेतु की भूमिका निभाई है।

सचिव सीए सचिन बुबना ने बताया कि सीए स्थापना दिवस के अंतर्गत फुटबॉल, बॉलीबॉल, क्रिकेट लीग, पौधारोपण, संगीत प्रतियोगिता, रक्तदान शिविर, स्वस्थ्य शिविर, योग दिवस, खेल दिवस, रंगोली और सेमिनार का महीने भर आयोजन किया गया। स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विजेताओं और सहयोगियों को मुख्य मंच से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले सुबह दस बजे संजय प्लेस स्थित सीए भवन पर सभी ने ध्वजारोहण व पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कोषाध्यक्ष सीए अंकित मित्तल ने बताया कि सीए दिवस के उपलक्ष में सीए छात्रों ने भी समारोह मैं गीतों पर ग्रुप डांस, गायन और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियो से सभी का मन मोह लिया। सूफी बैंड की सुरमयी और धमाकेदार प्रस्तुतियों ने महफिल में चार चांद लगा दिए। वरिष्ठ उघमी रजत अस्थाना ने लघु उद्योग के बारे में सीए छात्रों को विस्तार से मंच बताया। सभी का धन्यवाद सीए गौरव सिंघल ने दिया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष आयुष गोयल, विनय बंसल, अजय गोयल, तुषार मंगल, वीरेंद्र अग्रवाल, गुणदीप आहूजा, रूपल गर्ग, हर्षित गोयल, अभिषेक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

बेस्ट विज़नरी मेंटर एंड लीडरशिप अवॉर्ड से सम्मानित हुए निर्मेश राघव

 

बाबा न्यूज 

आगरा। हमारे शहर के लिए आज अत्यंत गर्व और सम्मान का क्षण है। प्रसिद्ध मोटिवेशनल मेंटर, शोधकर्ता एवं नेतृत्व विशेषज्ञ  निर्मेश राघव को नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में भारत की महान मुक्केबाज़ एवं ओलंपिक पदक विजेता मैरी कॉम के कर-कमलों द्वारा प्रतिष्ठित “बेस्ट विज़नरी मेंटर एंड लीडरशिप अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान  निर्मेश राघव के पिछले 6 वर्षों के अथक परिश्रम, समर्पण और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने अपने ज्ञान, शोध और मार्गदर्शन के माध्यम से 1 लाख से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।

श्री राघव ने सफलता प्राप्त करने और व्यक्तियों की छिपी हुई क्षमताओं को उजागर करने के लिए एक अनूठा “फॉर्मूला फॉर सक्सेस” विकसित किया है। उनकी यह अवधारणा लोगों को यह समझने में मदद करती है कि वे अपने जीवन में सफलता कैसे प्राप्त कर सकते हैं, अपनी पूर्ण क्षमता का उपयोग कैसे कर सकते हैं और अपने लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से कैसे हासिल कर सकते हैं।

उनके द्वारा किए गए शोध, सिद्धांत और व्यावहारिक मॉडल आज हजारों युवाओं, उद्यमियों, पेशेवरों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुके हैं। उनकी दूरदर्शी सोच और समाज के प्रति समर्पण ने उन्हें देशभर में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।

इस सम्मान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए  निर्मेश राघव ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है जिन्होंने उनके मिशन और विज़न पर विश्वास किया। उन्होंने कहा कि निरंतर सीखना, आत्मविश्वास, अनुशासन और समाज के लिए सकारात्मक योगदान ही वास्तविक सफलता की कुंजी है।

निर्मेश राघव की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार और समर्थक गौरवान्वित हैं, बल्कि पूरा शहर स्वयं को सम्मानित और गर्वान्वित महसूस कर रहा है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।

हम सभी शहरवासी  निर्मेश राघव को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना करते हैं।

आईजीआरएस में बरेली परिक्षेत्र नंबर-1:74 थानों ने भी प्रदेश में संयुक्त प्रथम रैंक हासिल की

बरेली रेंज ने जून 2026 की प्रदेश स्तरीय जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) रैंकिंग में गुरुवार को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए मिली है। शासन की ओर से जारी रैंकिंग में इसे बरेली परिक्षेत्र के लिए एक बड़ी प्रशासनिक सफलता माना जा रहा है। डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी के निर्देशन में शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके परिणामस्वरूप, परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों के कुल 74 थानों ने भी प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। जिलेवार प्रदर्शन में बरेली के 21, बदायूं के 22, शाहजहांपुर के 20 और पीलीभीत के 11 थानों ने उत्कृष्ट कार्य किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायतों के निस्तारण में केवल समयसीमा का पालन ही नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि और गुणवत्ता को भी प्राथमिकता दी गई। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने कहा कि आईजीआरएस केवल शिकायत निस्तारण का माध्यम नहीं, बल्कि पुलिस की जवाबदेही और जनविश्वास का महत्वपूर्ण पैमाना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन थानों और जनपदों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा है, उनकी अलग से समीक्षा कर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले परिक्षेत्र कार्यालय के आईजीआरएस प्रकोष्ठ के उपनिरीक्षक शालू, कंप्यूटर ऑपरेटर अमरेन्द्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नगद पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने से अन्य कर्मियों को भी गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। प्रशासनिक विशेषज्ञों के अनुसार, आईजीआरएस जैसी ऑनलाइन शिकायत प्रणाली में लगातार शीर्ष स्थान बनाए रखना पुलिस की कार्यशैली, निगरानी व्यवस्था और जवाबदेही को दर्शाता है। यदि यही गति बनी रही तो आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान और पुलिस पर जनविश्वास को और मजबूती मिलेगी।

पहले हिंदू बनकर फंसाया, फिर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया:अब तेजाब फेंकने की धमकी का आरोप, दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के मुकदमे में होनी है गवाही

मुजफ्फरनगर में दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले में पीड़िता ने एक बार फिर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार लगाई है। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस कप्तान ऑफिस पहुंची महिला का आरोप है कि जिस आरोपी के खिलाफ पहले से मुकदमा विचाराधीन है, वह अब कोर्ट में गवाही से पहले लगातार समझौते का दबाव बना रहा है और मना करने पर तेजाब फेंकने तथा पुराने आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, आरोपी ने शुरुआत में खुद को हिंदू बताकर उससे दोस्ती की थी। बाद में शादी का झांसा देकर उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया और हरिद्वार ले जाकर विवाह किया। महिला का आरोप है कि शादी के बाद आरोपी की वास्तविक पहचान सामने आई और उसने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वर्ष 2022 में थाना खतौली में आरोपी इमरान पुत्र अब्दुल रज्जाक निवासी खोखनी के खिलाफ दुष्कर्म, उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। यह मामला वर्तमान में मुज़फ्फ़रनगर की एफटीसी-2 कोर्ट में विचाराधीन है। पीड़िता का आरोप है कि अब जब मामले में उसकी गवाही होनी है, तब आरोपी लगातार समझौते के लिए दबाव बना रहा है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी धमकी देता है कि यदि उसने कोर्ट में उसके खिलाफ बयान दिया तो वह उस पर तेजाब फेंक देगा और पुराने निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले से आठ बच्चों का पिता है और उसने यह तथ्य उससे छिपाकर शादी की थी। पीड़िता के अनुसार, इससे पहले भी उसने आरोपी द्वारा धमकी दिए जाने की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन उस समय केवल शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई थी। अब दोबारा मिल रही कथित धमकियों से वह और उसकी बेटी दहशत में हैं। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से आरोपी के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने, अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

मिशन शक्ति: छात्राओं-शिक्षिकाओं को हेल्पलाइन नंबर बताए गए:एंटी रोमियो स्क्वायड ने सरकारी योजनाओं और सुरक्षा की जानकारी दी

मेरठ के थाना इंचौली स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सैनी में छात्राओं और महिला शिक्षकों के लिए गुरुवार दोपहर 3 बजे एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान और एंटी रोमियो स्क्वायड टीम द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें सरकारी बाल कल्याण सुरक्षा योजनाओं और महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री द्वारा महिला सशक्तिकरण हेतु चलाए गए ‘मिशन शक्ति 5.0’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक देहात के निर्देशन तथा क्षेत्र अधिकारी के मार्गदर्शन में एंटी रोमियो टीम व मिशन शक्ति टीम थाना इंचौली ने इस पहल को अंजाम दिया। शिविर में उपस्थित एंटी रोमियो प्रभारी और टीम ने शिक्षकों और छात्राओं को बच्चों के अधिकारों, उनके विकास के लिए चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुरक्षा संबंधी सरकारी दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। विशेष रूप से, उन्हें आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076, बच्चों के साथ शोषण या बाल श्रम की शिकायत के लिए 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए 1090 (वूमेन पावर लाइन), तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए 112 (इमरजेंसी सर्विस) शामिल थे। छात्राओं को समझाया गया कि किसी भी विषम परिस्थिति, छेड़खानी, या असुरक्षा की भावना होने पर वे इन नंबरों पर बेझिझक कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। शिक्षकों को भी अपनी और अपने छात्रों की सुरक्षा हेतु उचित कदम उठाने के लिए मिशन शक्ति अभियान एवं एंटी रोमियो स्क्वायड के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। इस जागरूकता अभियान में एंटी रोमियो प्रभारी उप निरीक्षक अंजली सिंह और महिला कांस्टेबल नेहा उपस्थित रहीं, जिन्होंने विस्तृत जानकारी प्रदान की।

एसटीएफ ने नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले दबोचे:फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर हो जाते थे फरार, ट्रेनिंग कराकर वसूलते थे 10 लाख रूपए

मेरठ एसटीएफ ने विभिन्न सरकारी विभागों में भर्ती कराने का लालच देकर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की माने तो गिरोह के कई और सदस्य रडार पर हैं जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। एसटीएफ काफी समय से इन्हें ट्रेस कर रही थी। एएसपी एसटीएफ बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि हाल ही में एसटीएफ को सूचना मिली कि मुरादाबाद के थाना डिलारी अंतर्गत स्थित ग्राम ढकिया पीरु निवासी अशरफ अली पुत्र सलीम अहमद युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने के बहाने ठगी का शिकार बना रहा है। अब तक काफी युवाओं को वह शिकार बना चुका है। उनका एक अंतर्राजयीय गिरोह है जो इस अनैतिक काम में लिप्त है। इसके बाद एसटीएफ ने सूचना पर काम करना शुरू कर दिया। मुरादाबाद आने की मिली थी सूचना
एसटीएफ लगातार अशरफ अली की तलाश कर रही थी। सूचना मिली कि बुधवार को अशरफ अली अपने एक साथी के साथ मुरादाबाद में मौजूद है। एसटीएफ ने घेराबंदी की और अशरफ अली के अलावा उसके साथी विवेक पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम जरगांव थाना बिलारी जनपद मुरादाबाद हाल निवासी चंदौसी जनपद संभल आवास विकास कॉलोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। रकम लेकर थमा देते थे फर्जी कागजात
एएसपी ने बताया कि कई पीड़ितों से बातचीत के दौरान पता चला था कि यह गिरोह युवाओं को पहले अपने जाल में फांसता है और उन्हें नकली जॉइनिंग लेटर, आई कार्ड थमाकर उनसे मोटी रकम वसूलते हुए गायब हो जाता है। फोन पर सारी डीलिंग होती है। रकम मिलने के बाद उस सिम को भी तोड़कर फेंक देता है। प्रति कैंडिडेट वसूलते थे 10 लाख रुपए
बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि इन लोगों का एक गिरोह है जो ऐसे लोगों की तलाश में घूमता रहता है, जिनका सरकारी नौकरी पाने का सपना होता है। वह उसे बातों में फसाते हैं और भारतीय रेलवे, भारतीय सेना, भारतीय डाक विभाग, वनरक्षक, दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली पावर कॉरपोरेशन जैसे सरकारी विभागों में नौकरी का सपना दिखाकर प्रति कैंडिडेट 10 लाख रुपए तक वसूलते हैं। ईमेल पर भेजते थे जॉइनिंग का लेटर
एसटीएफ की माने तो यह गिरोह बेहद शातिर है। कैंडिडेट को पूरी तरह भरोसा दिलाने के बाद पहले उनसे रकम वसूलता है और फिर ईमेल पर उन्हें उनके विभाग का फर्जी जॉइनिंग लेटर भेज देता है। वह जॉइनिंग लेटर फर्जी है, इस बात का पता उस वक्त चलता है, जब वह कैंडिडेट उस विभाग में पहुंचता है। भरोसा दिलाने के लिए घुमाते थे विभागों में
यह गिरोह कितना शातिर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह कैंडिडेट को पूरी तरह भरोसा दिलाने के बाद दिल्ली उस विभाग में बुलाते थे, जिसका वह फर्जी जॉइनिंग लेटर तैयार करते थे। दो-तीन बार उस विभाग में बुलाकर यह एहसास करा देते थे कि प्रक्रिया जारी है। कई जगह तो यह मिलीभगत कर इंटर्नशिप की आड़ में ट्रेनिंग भी करा देते थे। करीब 2 वर्ष में यह गिरोह 20 से 25 युवाओं को अपना शिकार बना चुका है।

सहारनपुर में नाला सफाई अभियान तेज:मानसून से पहले जलभराव रोकने को नगर निगम की तैयारी

सहारनपुर में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने नाला सफाई अभियान तेज कर दिया है। नगरायुक्त शिपु गिरी ने गुरुवार शाम 4 बजे बताया कि 1 जून से शुरू हुए इस अभियान के तहत शहर के बड़े और मझौले नालों की युद्धस्तर पर सफाई कराई जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य बारिश के दौरान पानी की निकासी को सुचारु बनाए रखना और शहर में जलभराव की स्थिति को रोकना है। नालों से निकलने वाली शिल्ट (गाद) का उठान भी साथ-साथ किया जा रहा है। नगरायुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार इस कार्य में जुटी है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह ने जानकारी दी कि शहर में कुल 316 नाले हैं, जिनमें 4 बड़े, 276 मझौले और 36 छोटे नाले शामिल हैं। इनकी कुल लंबाई लगभग 168 किलोमीटर है। मार्च से मई तक चले पहले चरण के बाद, मानसून को देखते हुए 1 जून से दूसरा चरण शुरू किया गया है, जो पूरे वर्षा काल तक जारी रहेगा।
डॉ. शाह ने बताया कि अभियान के तहत अब तक क्रेगी नाला और चिलकाना रोड के बड़े नालों की सफाई पूरी हो चुकी है। वर्तमान में प्रतिदिन सात मझौले नालों की सफाई की जा रही है। उन नालों को प्राथमिकता दी जा रही है जहां पीछे से लगातार कचरा बहकर आता है, ताकि बारिश के समय जल निकासी बाधित न हो। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम ने बड़ी संख्या में मशीनें और वाहन लगाए हैं। सफाई कार्य में एक दर्जन पोकलेन, तीन जेसीबी, छह ट्रैक्टर, छह टिपर और तीन रोबोट सहित अन्य संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। जहां नालों से निकली शिल्ट अधिक गीली होती है, वहां उसका उठान अगले दिन कराया जाता है। मुख्य सफाई निरीक्षक परमानंद ने बताया कि पांवधोई की सफाई का कार्य भी पूरा कर लिया गया है, जिसकी व्यापार बंधु से जुड़े व्यापारियों ने सराहना की है। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे घरों और दुकानों का कूड़ा नालों या नालियों में न डालें, बल्कि निगम के सफाई कर्मचारियों को ही सौंपें। इससे नालों में कचरा जमा नहीं होगा, जलभराव की समस्या कम होगी और शहर की सफाई व्यवस्था भी बेहतर बनी रहेगी।