Breaking News
इनरव्हील क्लब का 19वां अधिष्ठापन:कानपुर में ऐश्वर्या त्रिवेदी ने संभाली अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी, पुस्तक का विमोचन

शहर की सामाजिक संस्था इनरव्हील क्लब ब्रह्मवर्त की कमान अब नई टीम के हाथों में आ गई है। रविवार दोपहर 2 बजे कोका कोला चौराहा स्थित होटल में क्लब का 19वां अधिष्ठापन समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पुरानी टीम ने नई टीम को जिम्मेदारी सौंपते हुए शहर में समाजसेवा के कार्यों को और तेजी से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान क्लब की कमान सौंपने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई। पूर्व अध्यक्ष जया अवस्थी ने नवनियुक्त अध्यक्ष ऐश्वर्या त्रिवेदी को कॉलर पहनाकर और चार्टर सौंपकर आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण करवाया। इसके साथ ही, पूर्व सचिव वंदना जलान ने आगामी सत्र के लिए नई सचिव महिमा मल्होत्रा को अपना कार्यभार सौंपा। नई अध्यक्ष ऐश्वर्या त्रिवेदी ने अपनी कार्यकारी टीम का परिचय कराते हुए कहा कि क्लब इस साल महिलाओं की आत्मनिर्भरता और बच्चों की शिक्षा को लेकर कई विशेष प्रोजेक्ट्स पर काम करेगा। ‘क्लब डायरेक्ट्री’ के जरिए दिखेगा सेवा का रोडमैप इस मौके पर क्लब की नई टीम और उनके आगामी कार्यों की रूपरेखा को समेटे हुए एक विशेष पुस्तक का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. मनीषा बाजपेई ने नई टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि, इनरव्हील क्लब हमेशा से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की मदद के लिए आगे रहता आया है, और उम्मीद है कि यह नई टीम इस परंपरा को और ऊंचाई पर ले जाएगी। ये सदस्य रहे मौजूद इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्लब से जुड़े कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। इनमें मुख्य रूप से संस्थापक अध्यक्ष पी.डी.सी. उदिता शर्मा, आरती महरोत्रा, निर्मला सिंह, जेड.पी.सी. भावना मेहता, सी.जी.आर. विशु अरोरा, साक्षी नरूला, माला सिंह, सुधा गुप्ता, कल्पना, सीमा, रोमा, संगीता, नीलू गुप्ता, नयन और दीपाली समेत क्लब के तमाम सदस्य मौजूद रहे। सभी ने नई टीम का ताली बजाकर स्वागत किया और क्लब के नए सफर के लिए एकजुट होकर काम करने का भरोसा दिया।

कन्नौज में जेसीबी पलटने से युवक की मौत:तालाब की सफाई के दौरान हादसा, ड्राइवर फरार

कन्नौज के इन्दरगढ़ थाना क्षेत्र के सहियापुर गांव में रविवार को एक जेसीबी मशीन पलट गई। इस हादसे में मशीन के नीचे दबकर 26 वर्षीय युवक कुलदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, जबकि जेसीबी का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। यह घटना रविवार दोपहर बाद करीब 4 बजे की है। सहियापुर गांव में एक तालाब की सफाई का काम जेसीबी मशीन से कराया जा रहा था। इसी दौरान तालाब की सफाई करते समय जेसीबी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त सहियापुर निवासी कुलदीप कुमार (26) पुत्र श्रीनारायण जेसीबी के पास मौजूद था और मशीन के नीचे दब गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने इन्दरगढ़ थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और कुलदीप को जेसीबी के नीचे से बाहर निकलवाया। गंभीर हालत में कुलदीप को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद जेसीबी का ड्राइवर मशीन छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने कुलदीप के शव का पंचनामा कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस फरार जेसीबी ड्राइवर की तलाश कर रही है।

मानसिक मंदित युवक से छेड़छाड़ कर वीडियो बनाने पर झगड़ा:शाहजहांपुर में दो पक्षों में लाठी-डंडे चले, धमकी देकर फरार हुए

शाहजहांपुर में एक मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति को परेशान करने और उसका वीडियो बनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस मारपीट में कई लोग घायल हुए हैं। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मारपीट की घटना 3 जुलाई की रात 11 बजे की है। वीडियो आज सामने आया है। यह घटना चौक कोतवाली क्षेत्र के मानूजई मोहल्ले की है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे मोहल्ले के कुछ लोग उसके मानसिक रूप से कमजोर भाई को छेड़ रहे थे और उसका वीडियो बना रहे थे। जब भाई ने इसका विरोध किया और गाली-गलौज की, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब वह खुद मौके पर पहुंची और विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज की। इसके बाद, 3 जुलाई की रात करीब 11 बजे आरोपियों के कई रिश्तेदार लाठी-डंडे लेकर पीड़िता के घर के दरवाजे पर आ गए। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने उसके मामा को घेर लिया, गाली-गलौज की और मारपीट करने लगे। इस दौरान भी कई लोगों को चोटें आईं। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जिस जगह मारपीट हो रही थी, वहां सीसीटीवी कैमरा लगा था। आरोपियों ने अपने साथियों को इशारा किया कि मारपीट कैमरे के सामने न करके किसी दूसरी जगह ले जाकर करें। इसके बाद, आरोपी पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। राजघाट पुलिस चौकी इंचार्ज विनय कुमार ने बताया कि उन्हें इस संबंध में एक प्रार्थना पत्र मिला है, जिसमें मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।

घाटमपुर में घर से लाखों की चोरी:एसीपी, इंस्पेक्टर ने जांच की, परिजनों ने कुछ लोगों पर जताया संदेह

घाटमपुर के चतुरीपुर गांव मे शुक्रवार देर रात छत के रास्ते घुसे चोरों ने 25 हजार की नगदी समेत लाखों के जेवरात चोरी कर ले गए थे, रविवार दोपहर गांव पहुंचे एसीपी इंस्पेक्टर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से घटना की जानकारी जुटाई। परिजनों ने पुलिस से कुछ लोगों पर संदेह जताया है। पुलिस घटना की गहनता से जांच पड़ताल करने के साथ जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है। रविवार दोपहर घाटमपुर थाना क्षेत्र के चतुरीपुर गांव पहुंचे घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत और इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने चोरी के घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों से घटना के बारे में विस्तृत से जानकारी जुटाई है। परिजनों ने एसीपी को बताया कि उन्हें कुछ लोगों पर संदेह है, पुलिस घटना का जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है। घाटमपुर थाना क्षेत्र के चतुरीपुर निवासी योगेश कुमार उर्फ जय करन ने शनिवार दोपहर घाटमपुर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह और उनकी पत्नी रानी देवी घर के बाहर बने बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे। शुक्रवार देर रात छत के रास्ते से घुसे चोरों ने कमरे का ताला तोड़ के अलमारी में रखे 25 हजार रुपये समेत उनकी पत्नी रानी देवी और बड़ी बहू आशा देवी की हार ,कान के झुमके, अंगूठी, मंगल सूत्र, जंजीर,पायल, कमरपेटी समेत लगभग दास लाख की जेवरात समेत कुछ जरूरी दस्तावेज चोरी के ले गए थे, उन्होंने शनिवार दोपहर घाटमपुर थाने पहुंचकर चोरी की तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।

थिएटर और कत्थक में अब सुनहरा भविष्य:CSJMU में नए स्टूडेंट्स को मिले टिप्स; एक्सपर्ट्स बोले- सिर्फ टैलेंट नहीं, कड़े रियाज से चमकेगा करियर

अगर आप सोचते हैं कि संगीत या डांस सिर्फ मनोरंजन और शौक का साधन हैं, तो अपनी सोच बदल लीजिए। आज के दौर में परफॉर्मिंग आर्ट्स एक बेहतरीन और बड़ा करियर विकल्प बनकर उभरा है। अब युवा संगीत, कत्थक, थिएटर और वायलिन जैसे पारंपरिक हुनर में डिग्री लेकर देश-विदेश में अपनी पहचान बना रहे हैं और शानदार करियर संवार रहे हैं। यह बातें रविवार को 2 बजे छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के संगीत विभाग द्वारा आयोजित नए स्टूडेंट्स के ‘प्रवेश उन्मुखीकरण कार्यक्रम’ में सामने आईं। विश्वविद्यालय परिसर के इंटरनेशनल सेंटर में हुए इस आयोजन में नए सत्र के छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को कला के क्षेत्र में बदलती संभावनाओं से रूबरू कराया गया। सिर्फ मंच ही नहीं, इन क्षेत्रों में भी मिल रही नौकरियां विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स के शिक्षकों ने बताया कि आज के समय में कला के विद्यार्थियों के लिए संभावनाओं का दायरा बहुत बढ़ गया है। पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्र न केवल लाइव परफॉर्मेंस और टीचिंग के क्षेत्र में जा सकते हैं, बल्कि उनके लिए रिसर्च, आर्ट एडमिनिस्ट्रेशन और आर्ट जर्नलिज्म जैसे नए और रचनात्मक क्षेत्रों में भी नौकरियों के कई रास्ते खुल रहे हैं। ग्रेजुएशन से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक के कोर्सेज की पूरी जानकारी कार्यक्रम के दौरान संगीत विभाग के अलग-अलग पाठ्यक्रमों की बारीकियों और उनकी रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रेजुएशन स्तर पर छात्र बीपीए वोकल, कत्थक, थिएटर, सितार, वायलिन और तबला जैसे विषयों की पढ़ाई कर सकते हैं। वहीं पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए एमए वोकल, तबला व सितार और एमपीए कत्थक जैसे कोर्सेज उपलब्ध हैं। विशेषज्ञों ने नए छात्रों को समझाया कि कला के क्षेत्र में सफलता पाने के लिए सिर्फ टैलेंट काफी नहीं है, बल्कि इसके लिए लगातार अभ्यास (रियाज), अनुशासन और एक सकारात्मक नजरिए की बेहद जरूरत होती है। रैगिंग और नशे पर पूरी तरह पाबंदी, छात्रों को मिली गाइडलाइंस
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने नए छात्र-छात्राओं को कैम्पस के कड़े नियमों से भी अवगत कराया। विभाग ने साफ किया कि परिसर में एंटी-रैगिंग नीति और तंबाकू व नशा निषेध नीति को पूरी तरह कड़ाई से लागू किया जाएगा। इसके साथ ही छात्रों को समय पर परीक्षा, अटेंडेंस के नियमों, शिकायत निवारण सिस्टम और लाइब्रेरी के नियमों की जानकारी दी गई ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें। पढ़ाई के साथ खेल, एनसीसी और हॉस्टल की भी सुविधाएं
सत्र के पहले दिन नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से वेलकम किट भी बांटी गई। इसके बाद उन्हें कैंपस के चक्कर लगाकर वहां मिलने वाली तमाम सुविधाओं के बारे में बताया गया, जिसमें स्वास्थ्य सेवाएं, हॉस्टल और रहने की व्यवस्था, स्पोर्ट्स फैसिटी, एनसीसी, एनएसएस और छात्र परिषद जैसी गतिविधियां शामिल हैं। कार्यक्रम के आखिरी हिस्से में एक सवाल-जवाब का सेशन हुआ, जहां शिक्षकों ने नए छात्रों और उनके माता-पिता के मन में उठ रहे हर सवाल और शंका को दूर किया।

खुले पंख परिवार ने किया भव्य गौ सेवा कार्यक्रम

2000 किलो सब्जी और हरा चारा किया अर्पित
बाबा न्यूज
आगरा। सामाजिक संस्था खुले पंख परिवार द्वारा रविवार को श्री गौशाला, कर्मयोगी फुव्वारे के पास तृतीय गौ सेवा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौमाता को लगभग 2000 किलो सब्जी, हरा चारा तथा 100 पैकेट ब्रेड एवं रोटियां अर्पित कर गौ सेवा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौभक्तों, युवाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
खुले पंख परिवार के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने कहा कि, परिवार एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि सभी के साथ मिलकर बनता है। उसी प्रकार सेवा भी किसी एक का कार्य नहीं, बल्कि सबके साथ मिलकर चलने का नाम है। उन्होंने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी निरंतर सेवा कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज को गौ संरक्षण, सेवा, सहयोग एवं भारतीय संस्कृति से जुड़ने का संदेश दिया गया। संस्था ने विशेष रूप से युवाओं एवं बच्चों को भी सेवा कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजकुमार जौहरी, निक्की जौहरी, योगेश जैन, आशीष गोयल, अनुज मित्तल, आशीष बंसल,अनमोल अग्रवाल, अंकित गोयल, शरद, अतुल अग्रवाल,राहुल यादव,अर्चना जैन, रूबी, चंचल एवं शालिनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।