Breaking News
श्री सोमनाथ धाम में  59 वे  गुरु महोत्सव का शुभारंभ

 

22 बच्चों का वैदिक जनेऊ संस्कार संपन्न, भजन संध्या में भक्ति रस की बही अविरल धारा

बाबा न्यूज 

आगरा। गुरु गोरक्षनाथ परंपरा के महान संत श्री सिद्ध ठाकुरनाथ योगेश्वर जी के 59वें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को शाहगंज स्थित श्री सोमनाथ धाम में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ हुआ। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु गुरु दरबार में पहुंचकर माथा टेका और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच जयघोष गूंजता रहा।
कार्यक्रम के प्रथम दिन वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ 22 बच्चों का निःशुल्क जनेऊ संस्कार संपन्न कराया गया। विद्वान आचार्यों ने धार्मिक परंपराओं के अनुरूप यज्ञोपवीत संस्कार सम्पन्न कराते हुए बच्चों को सनातन संस्कृति, सदाचार और संस्कारों के महत्व का संदेश दिया। इस पावन अवसर पर अभिभावकों और श्रद्धालुओं ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की।
रात्रि में आयोजित विशाल भजन संध्या ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। गुजरात के प्रसिद्ध सिंधी भजन गायक परमानंद प्यासी एवं पिंटू सोनी, कानपुर से बब्बी भाई तथा आगरा के एम.एस. ग्रुप ने गुरु महिमा और ईश्वर भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और पूरा परिसर गुरु भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
मठाधीश पीर डॉ. योगी शंकरनाथ के सान्निध्य में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन भव्य शोभायात्रा, श्रीमद् देवी भागवत पुराण पाठ का पूर्णाहुति समारोह, विशाल भंडारा तथा अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं के व्यापक प्रबंध किए हैं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वासदेव ज्ञामलानी चंद्र प्रकाश सोनी योगी जहाजनाथ, योगी विश्वनाथ,मनीष नाथ,हेमंत भोजवानी,श्याम भोजवानी, भरत मंगलानी, घनश्याम खियानी,टीकम लालवानी, जगदीश तोरानी, जयप्रकाश धर्मानी, नरेश लखवानी, लाल मोटवानी, कन्हैया सोनी, चंद्रप्रकाश नाथवाणी, राजेश धनकानी, वासुदेव चंदानी, गुलाब भाई, जय कलवानी, प्रकाश लालवानी, रूपचंद चंदानी, सुरेश, जीतू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *