Breaking News
जालौन में NHM कर्मियों का धरना:नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की उठाई मांग

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत कर्मचारियों का अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उरई स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। संयुक्त संघर्ष समिति एनएचएम (उत्तर प्रदेश) के आह्वान पर कर्मचारियों ने अपनी मांगों के जल्द समाधान की हुंकार भरी और इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर कार्य बहिष्कार जारी रखा। धरने को संबोधित करते हुए जिला संयोजक डॉ. अजय पाल सिंह चौहान और जिलाध्यक्ष डॉ. रणधीर निरंजन ने कहा कि एनएचएम कर्मी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें वेतन वृद्धि, नियमितीकरण और सामाजिक सुरक्षा जैसे बुनियादी लाभों से वंचित रखा जा रहा है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने शासन से मांग की है कि उनका न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपए किया जाए। इसके साथ ही अनुभव व वरिष्ठता के आधार पर वेतन वृद्धि, रिक्त पदों को भरने, स्थानांतरण नीति लागू करने और नियमितीकरण की ठोस कार्रवाई की जाए। कर्मचारियों ने ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की भी प्रमुखता से मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *