Breaking News
कानपुर में सेवा और संवेदना का संगम:चिकित्सा, योग, रक्तदान शिविर लगाया; राशन किट, भोजन, खिलौने और स्टेशनरी बांटी

श्री गोविंद हरि सिंघानिया मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट कानपुर ने 2 अक्टूबर को शहर में सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रमों का आयोजन किया। दिनभर चले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक सहयोग, सम्मान और अपनत्व का संदेश पहुंचाना था। दिन की शुरुआत जेके मंदिर में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग शिविर के साथ हुई। सुबह 7:00 से 9:00 बजे तक आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। यह शिविर 8 अक्टूबर तक चलेगा। डॉ. गौर हरि सिंघानिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च, कमला नगर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा में अपना योगदान दिया। सेवा की इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए ब्लाईंड स्कूल, नौबस्ता में बच्चों को पानी की बोतलें तथा ब्लाईंड स्कूल, नेहरू नगर में बैडशीट वितरित की गईं। पनकी स्थित वृद्धाश्रम में राशन किट वितरित कर बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदना और आत्मीयता का भाव व्यक्त किया गया। बच्चों के पोषण, शिक्षा और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए राजापुरवा, नारायणपुरवा एवं शास्त्रीनगर के तीन प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को भोजन के साथ खिलौने, प्राथमिक चिकित्सा किट और स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। इसी क्रम में मर्चेंट चैंबर ऑफ उत्तर प्रदेश में खिचड़ी वितरण का आयोजन किया गया।

पुलिस ने 5 वांछित अभियुक्तों को दबोचा, तमंचा बरामद:अमेठी में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत हुई कार्रवाई, कारतूस भी मिला

अमेठी में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत मोहनगंज पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एसपी सरवणन टी. के निर्देश पर हुई। आज सुबह 4 बजे मोहनगंज पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो बाइक पर सवार पांचों को पकड़ा। इनकी पहचान आयुष सोनी उर्फ कुलदीप सोनी, प्रांशू वर्मा, मनीष वर्मा, कृष्णा कुमार सरोज और मनोज यादव (सभी प्रतापगढ़ निवासी) के रूप में हुई। एक तमंचा और 32 बोर का कारतूस मिला ये सभी मोहनगंज थाने में दर्ज मुकदमे 191(2), 191(3), 190, 109, 352 में फरार थे। तलाशी में आयुष सोनी के पास से एक तमंचा और 32 बोर का कारतूस मिला। बाइक के कागजात भी नहीं थे। आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 भी जोड़ी गई। पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल यूपी 72 सीएफ 7001 और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल यूपी 33 के 1909 को भी जब्त किया। उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह, सुरेश कुमार दीक्षित, प्रवेश कुमार सिंह और उनकी टीम ने गिरफ्तारी की, जांच जारी है।

पुजारी का हाथ-पैर बंधा नदी में शव मिला:तीन दिन से लापता थे, ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई

सीतापुर में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे संदना थाना क्षेत्र के लोहरा घाट स्थित पिपरी बाबा स्थान के पुजारी 62 साल के बाबा धनीराम का शव गोमती नदी में मिला। बाबा धनीराम पिछले तीन दिनों से लापता थे। नदी से मिले शव के हाथ-पैर कपड़े से बंधे हुए थे। यह देखकर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुजारी की पहचान कुर्सी मजरा सेमौरी निवासी बाबा धनीराम पुत्र मुलहे के रूप में हुई है। वह लोहरा घाट स्थित पिपरी बाबा स्थान पर पुजारी के रूप में रहते थे। परिजनों के मुताबिक, धनीराम मंगलवार से लापता थे। नदी में मिला शव लोहरा घाट के पास पिपरी बाबा स्थान के पीछे से गोमती नदी गुजरती है। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया था और पानी मंदिर परिसर के आसपास तक पहुंच गया था। शुक्रवार को ग्रामीणों ने नदी के पानी और झाड़ियों के बीच एक शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस ने नदी से बाहर निकलवाया शव ग्रामीणों की सूचना पर संदना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। तलाशी और पहचान की कार्रवाई के बाद शव की पहचान बाबा धनीराम के रूप में हुई। हाथ-पैर बंधे मिलने से हत्या की आशंका शव के हाथ-पैर कपड़े से बंधे होने की बात सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, अभी मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी वजह थानाध्यक्ष संदना प्रिंस सोनकर ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डायल-112 के रिस्पांस-टाइम में औरैया प्रदेश में छठे स्थान पर:3:48 मिनट रहा औसत रिस्पांस टाइम, कानपुर जोन और रेंज में जिला पहले स्थान पर

औरैया पुलिस ने डायल-112 के औसत रिस्पांस टाइम में सितंबर 2026 के दौरान बेहतर प्रदर्शन किया है। पुलिस विभाग के अनुसार, जिले का औसत रिस्पांस टाइम 3 मिनट 48 सेकंड रहा। इस प्रदर्शन के आधार पर औरैया ने उत्तर प्रदेश में छठी रैंक हासिल की। वहीं कानपुर जोन और कानपुर रेंज में जिला पहले स्थान पर रहा। पीआरवी की निगरानी और त्वरित कार्रवाई पुलिस विभाग के मुताबिक डायल-112 की कार्यप्रणाली में सुधार, पीआरवी कर्मियों की प्रभावी निगरानी और सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई से यह प्रदर्शन संभव हुआ। इससे आपात स्थिति में लोगों तक पुलिस सहायता कम समय में पहुंचाने में मदद मिली। डायल-112 प्रभारी को मिला प्रशस्ति पत्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने डायल-112 प्रभारी महेश कुमार पाठक के कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि पाठक के प्रयासों से डायल-112 के प्रदर्शन में सुधार हुआ है। एसपी ने महेश कुमार पाठक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और आगे भी इसी तरह बेहतर कार्य करने की अपेक्षा जताई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डायल-112 के रिस्पांस टाइम को बेहतर बनाए रखने के लिए पीआरवी की निगरानी और फील्ड रिस्पांस की लगातार समीक्षा की जा रही है।

सुनीता सैनी बनीं राज्य महिला आयोग सदस्य:लगातार तीसरी बार नियुक्ति, महिला सशक्तिकरण को बताया प्राथमिकता

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, लखनऊ में सुनीता सैनी को लगातार तीसरी बार सदस्य नामित किया गया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए उन्होंने महामहिम राज्यपाल और मुख्यमंत्री के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। अपने मनोनयन पर खुशी जाहिर करते हुए सुनीता सैनी ने कहा कि राज्य महिला आयोग में सेवा का यह अवसर उनके लिए बड़े गौरव और जिम्मेदारी की बात है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही, महिलाओं की विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए वह निरंतर प्रयास करती रहेंगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सरकार द्वारा उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वह पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ करेंगी।