Breaking News
सोने की ईंटें दिखाकर सर्राफ से ठगी करने वाला गिरफ्तार:लखनऊ में 28.61 किलो नकली जेवर और 20 लाख से ज्यादा ठगे, कई अन्य कारोबारी निशाने पर थे

लखनऊ के चौक में सर्राफा कारोबारी को असली सोने की ईंटें देने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सोने की परत चढ़ी ब्रॉन्ज व अन्य धातु की चार ईंटों को असली सोना बताकर कारोबारी से 2861 ग्राम सोने के जेवर और 20 लाख रुपए से ज्यादा नकद ले लिए थे। मामले में पुलिस ने हापुड़ निवासी अनवर (48) को गिरफ्तार किया है। उसके तीन अन्य साथी अभी फरार हैं। डेढ़ साल से कर रहे थे वारदात की तैयारी पीर बुखारा निवासी सर्राफा संजीव कुमार रस्तोगी ने 10 सितंबर को चौक थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने धोखाधड़ी कर नकली सोने की ईंटों को असली सोना बताकर उनसे जेवर और नकदी हासिल की। पुलिस ने मामले में अजय चौधरी निवासी रोहतक और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान हापुड़ के खजूरी कोठी निवासी अनवर का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे मंगलवार की शाम गोमतीनगर विस्तार स्थित जेनेश्वर मिश्र पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। लखनऊ के कई सर्राफा कारोबारी थे निशाने पर पूछताछ में पता चला कि गिरोह करीब डेढ़ साल से इस तरह की ठगी की तैयारी कर रहा था। उसके निशाने पर लखनऊ के कई सर्राफा कारोबारी थे। कारोबारी को भरोसे में लेकर नकली धातु की ईंटों को सोना बताना और उसके बदले बड़ी मात्रा में आभूषण व नकदी लेना उनकी योजना का हिस्सा था। एक व्यापारी से बात के लिए अलग मोबाइल-सिम पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहचान छिपाने के लिए बेहद सावधानी बरतते थे। एक मोबाइल फोन और सिम का इस्तेमाल सिर्फ संबंधित व्यापारी से बातचीत के लिए किया जाता था। लखनऊ पहुंचने के बाद ही फोन सक्रिय करते थे। आरोपी अपने निजी मोबाइल और पहचान से जुड़े दस्तावेज भी साथ नहीं रखते थे। सीसीटीवी की नजर से बचने के लिए निजी वाहनों के बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट और बसों का अधिक इस्तेमाल करते थे। तीन आरोपियों की तलाश जारी मामले में प्रकाश में आए आशू, मुसाहिद और सरफराज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों से पूछताछ और आगे की जांच में गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

सपा विधायक के करीबी पर बुलडोजर एक्शन की तैयारी:7 दिन में अवैध निर्माण हटाने का आदेश, नहीं तो गिराया जाएगा कोल्ड स्टोरेज

संभल में सपा विधायक इकबाल महमूद के करीबी बताए जा रहे आरिफ के तुर्की कोल्ड स्टोरेज को एसडीएम कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने अवैध निर्माण हटाने के लिए 7 दिन का समय दिया है। बुधवार शाम पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज पहुंचकर नोटिस तामील कराया। पुलिस पहुंची, स्टाफ को कराया नोटिस तामील मामला तहसील संभल के थाना रायसत्ती क्षेत्र में मुरादाबाद रोड स्थित तश्तपुर गांव का है। यहां नई सराय निवासी आरिफ और हिलाल तुर्की कोल्ड स्टोरेज का संचालन करते हैं। बुधवार शाम करीब 5 बजे थाना रायसत्ती से दरोगा संदीप कुमार और हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह कोल्ड स्टोरेज पहुंचे। मौके पर आरिफ नहीं मिले। पुलिस ने उनके स्टाफ को एसडीएम कोर्ट से जारी नोटिस तामील कराया। 1 अक्टूबर को पारित हुआ था आदेश संभल एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि आरबी एक्ट की धारा 10 के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि मैसर्स तुर्की कोल्ड स्टोरेज के मालिक मोहम्मद आरिफ को 5 अगस्त को नोटिस जारी किया गया था। इस मामले में सुनवाई के बाद 1 अक्टूबर को आदेश पारित किया गया। शेडबैक एरिया में अनधिकृत निर्माण का आरोप एसडीएम के मुताबिक कोल्ड स्टोरेज का मानचित्र स्वीकृत है। लेकिन शेडबैक एरिया में अनधिकृत रूप से निर्माण किया गया था। न्यायालय ने इसे अवैध मानते हुए आरबी एक्ट की धारा 10 के तहत आदेश पारित किया है। 7 दिन में अवैध हिस्सा हटाना होगा एसडीएम ने बताया कि बुधवार को आदेश की तामीली करा दी गई है। अवैध निर्माण हटाने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित समय में आदेश का पालन नहीं होने पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाएगी। समय पूरा होने के बाद हो सकता है ध्वस्तीकरण आदेश के तहत निर्धारित समय पूरा होने के बाद प्रशासन अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से दिए गए 7 दिन के समय में निर्माण हटाने का विकल्प है। महायोजना के तहत भी हो रही कार्रवाई संभल प्रशासन महायोजना 2031 के तहत निर्माणों को चिन्हित कर रहा है। हाल में विवादित धार्मिक स्थल के आसपास बने कुछ मकान और दुकानों को भी चिन्हित कर नोटिस जारी किए गए थे। इन मामलों में अभी सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है।

शिवगढ़ी में बड़े नाले को पाइप डालकर पाटने का आरोप:जलभराव की आशंका से लोगों में आक्रोश, प्रशासन से जांच की मांग

हापुड़ के मोहल्ला शिवगढ़ी में एक बड़े नाले के हिस्से को पाइप डालकर पाटने का आरोप लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 30 से 40 फीट चौड़े नाले में पाइप डालकर लगभग 8 फीट का रास्ता बनाया जा रहा है। इससे भविष्य में जलभराव की समस्या बढ़ने की आशंका है। निवासियों के मुताबिक, यह नाला आसपास के करीब 10 से 15 मोहल्लों की जल निकासी से जुड़ा है। नाले की चौड़ाई कम होने से बारिश के दौरान पानी की निकासी पर असर पड़ सकता है। इसी आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने आरोप लगाया है कि नाले को पाटने के बाद वहां प्लॉटिंग या रास्ता बनाने की तैयारी है। उन्होंने जिलाधिकारी से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। निवासियों ने नगर पालिका परिषद की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।

श्रावस्ती में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकली:मंत्री दारा सिंह चौहान ने किया शुभारंभ, 519 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण

श्रावस्ती में एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने बुधवार को भिनगा में सेवा संकल्प अभियान में हिस्सा लिया। शाम 4 बजे तक कार्यक्रम चला। जूनियर हाईस्कूल परिसर से सेवा ज्योति कलश यात्रा शुरू हुई। दीप प्रज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ प्रभारी मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा जूनियर हाईस्कूल भिनगा से ईदगाह तिराहे तक निकाली गई। इसमें प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने हाथों में सेवा ज्योति लेकर सहभागिता की। वंदे मातरम् से शुरू हुआ कार्यक्रम कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री के वाराणसी और मुख्यमंत्री के लखनऊ से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। यात्रा के समापन पर राष्ट्रगान हुआ। दिव्यांगों को बांटे सहायक उपकरण इसके बाद प्रभारी मंत्री कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हाल पहुंचे। यहां श्रमिक सम्मान, स्वास्थ्य शिविर और दिव्यांगजनों के सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम हुआ। 9 बधिर बच्चों को श्रवण किट दी गई। 12 दृष्टिबाधित लाभार्थियों को सुगम्य केन किट मिली। 15 लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और 70 को हस्तचालित ट्राईसाइकिल वितरित की गई। पांच लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र श्रम विभाग की मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत पांच लाभार्थियों को धनराशि के स्वीकृति प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यक्रम में श्रमिकों को विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। 519 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने 519 श्रमिकों की जांच की। जांच के बाद जरूरत के अनुसार दवाएं वितरित की गईं। वहीं 319 श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रभारी मंत्री ने श्रमिकों पर की पुष्पवर्षा प्रभारी मंत्री ने श्रमिकों पर पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान मुख्यमंत्री के 25 वर्ष के सेवाकाल को समर्पित है। सेवा ज्योति कलश यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक है। अंतिम पायदान तक योजना का लाभ पहुंचाने की बात प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

जालौन में NHM कर्मियों का धरना:नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की उठाई मांग

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत कर्मचारियों का अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उरई स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। संयुक्त संघर्ष समिति एनएचएम (उत्तर प्रदेश) के आह्वान पर कर्मचारियों ने अपनी मांगों के जल्द समाधान की हुंकार भरी और इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर कार्य बहिष्कार जारी रखा। धरने को संबोधित करते हुए जिला संयोजक डॉ. अजय पाल सिंह चौहान और जिलाध्यक्ष डॉ. रणधीर निरंजन ने कहा कि एनएचएम कर्मी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें वेतन वृद्धि, नियमितीकरण और सामाजिक सुरक्षा जैसे बुनियादी लाभों से वंचित रखा जा रहा है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने शासन से मांग की है कि उनका न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपए किया जाए। इसके साथ ही अनुभव व वरिष्ठता के आधार पर वेतन वृद्धि, रिक्त पदों को भरने, स्थानांतरण नीति लागू करने और नियमितीकरण की ठोस कार्रवाई की जाए। कर्मचारियों ने ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की भी प्रमुखता से मांग उठाई है।