बैंक की छत पर बने आवास में आग:ठंडे मिले बैंक के अग्निशमन इंतजाम, दमकल टीम को करनी पड़ी मशक्कत
बरेली के सिविल लाइंस क्षेत्र में स्टेशन रोड पर स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग में गुरुवार दोपहर आग लग गई। यह आग केनरा बैंक की छत पर बने आवासीय हिस्से में लगी थी, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान बैंक के अग्निशमन इंतजाम काम नहीं आए। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जानकारी के अनुसार, बैंक की छत पर बने इस आवास में अमरीश अपने परिवार के साथ रहते हैं। दोपहर के समय अचानक कमरे से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग फैल गई। बैंक कर्मचारी तारिक ने बताया कि शोर सुनकर जब वह बाहर आए तो चौथी मंजिल पर बने आवास में आग लगी हुई थी, जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मनु शर्मा ने बताया कि स्टेशन रोड स्थित कमर्शियल बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उस समय बिल्डिंग के अंदर काफी धुआं भरा हुआ था और आग सबसे ऊपरी तल पर लगी थी। दमकल कर्मियों ने बीएस सेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए साहसपूर्वक टॉप फ्लोर तक पहुंचकर आग बुझाने का कार्य किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। जिस कमरे में आग लगी थी, वहां 24 घंटे संचालित रहने वाला सीसीटीवी सिस्टम लगा हुआ था। लगातार उपकरण चलने और अधिक गर्म होने की वजह से शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में भी गंभीर लापरवाही सामने आई। मौके पर जांच के दौरान कुछ अग्निशमन सिलेंडर एक्सपायरी डेट के पाए गए, जिससे भवन की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सीएफओ मनु शर्मा ने यह भी बताया कि शहर में इस प्रकार की कमर्शियल बिल्डिंगों में आग लगने की घटनाएं समय-समय पर होती रहती हैं। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को अग्निशमन उपकरण ठीक रखने चाहिए।

